Ghaziabad News : ज्वेलरी के शोरूम से चोरी करने वाले चार गिरफ्तार, करोड़ों रुपए कीमत के जेवरात बरामद

Jun 16, 2026 - 14:01
Ghaziabad News : ज्वेलरी के शोरूम से चोरी करने वाले चार गिरफ्तार, करोड़ों रुपए कीमत के जेवरात बरामद

Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के थाना कविनगर पुलिस ने आरडीसी स्थित एक ज्वेलरी के शोरूम से करोड़ों रुपए कीमत के जेवरात चोरी करने के मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को आज गिरफ्तार किया है। एक व्यक्ति की गिरफ्तारी बीती रात को पुलिस ने की थी। इनके पास से करीब तीन करोड रुपए कीमत के जेवरात बरामद हुए हैं। 

पुलिस उपायुक्त (नगर) धवल जायसवाल ने बताया कि ज्वेलरी की दुकान से चोरी के मामले में पुलिस ने सोमवार की देर रात को चितरंजन नामक बदमाश को गिरफ्तार किया था। उन्होंने बताया कि उससे हुई पूछताछ के आधार पर आज दोपहर को पुलिस ने नितिन वर्मा, उसके पिता संजय वर्मा तथा नितिन की प्रेमिका काजल को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि नितिन वर्मा ज्वेलरी के शोरूम पर सेल्समैन के रूप में काम करता था। उसने ही चितरंजन, अपनी प्रेमिका काजल और पिता संजय वर्मा के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने चोरी किए हुए करीब तीन करोड रुपए की जेवरात बरामद किया है।

राजनगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर (आरडीसी) स्थित एक ज्वेलरी शोरूम(तनिष्क) में शुक्रवार सुबह करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वालों में शोरूम का एक सेल्समैन भी शामिल था। सीसीटीवी फुटेज में वह अपने एक साथी के साथ चोरी करते दिखाई दिया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की थी। उन्होंने बताया कि दिल्ली के कालकाजी निवासी रोहित अरोड़ा शोरूम के प्रबंधक हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे उन्हें एक सुरक्षाकर्मी का फोन आया कि शोरूम का शटर खुला हुआ है। मौके पर पहुंचने पर बड़ी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण गायब मिले। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो पता चला कि सुबह करीब सात बजे दो युवक पैदल शोरूम पहुंचे और चाबी से शटर का ताला खोलकर अंदर दाखिल हुए।

दोनों ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे बंद करने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद वे पहली मंजिल पर पहुंचे और शोकेस में रखी महंगी ज्वेलरी बैग में भर ली। करीब 25 मिनट तक शोरूम के भीतर रहने के बाद दोनों आरोपी करोड़ो रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए। फुटेज देखने के बाद शोरूम स्टाफ ने एक आरोपी की पहचान सेल्समैन नितिन वर्मा (25) निवासी 492 बुलाको पाड़ा, मोदीनगर के रूप में की थी। 

डीसीपी ने बताया कि शोरूम प्रबंधक के अनुसार, आरोपी नितिन ने करीब एक माह पहले पांच मई को शोरूम में नौकरी शुरू की थी। उसका पुलिस सत्यापन भी कराया गया था और कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया था। शोरूम स्टाफ के मुताबिक, नितिन ने तीन दिन पहले अपना जन्मदिन होने की बात कहकर बृहस्पतिवार रात आरडीसी के एक ढाबे पर पार्टी दी थी। पार्टी में शोरूम का पूरा स्टाफ और सुरक्षाकर्मी भी शामिल हुए थे। प्रबंधक के अनुसार, शोरूम की चाबी कैशियर गौतम राज के पास रहती है और वही शोरूम खोलने-बंद करने की जिम्मेदारी संभालते हैं। पुलिस को आशंका है कि पार्टी के दौरान उसने किसी तरह शोरूम की चाबी हासिल की।