Ghaziabad News : ज्योतिषाचार्य ने मां की हत्या कर तेरहवीं मंजिल से कूदकर की आत्महत्या
Ghaziabad News : जनपद गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र मे स्थित महागुनपुरम सोसायटी में गुरुवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले ज्योतिषाचार्य राजवीर चावला (42) ने सोसाइटी के 13वीं मंजिल पर जाकर वहां से कूदकर आत्महत्या कर लिया है, जबकि फ्लैट के अंदर उनकी मां सतनाम कौर (65) का शव मिला। शव दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है।उनके नाक पर खून के धब्बे मिले हैं। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि राजवीर सोसायटी के विनायक टॉवर में अपनी मां के साथ ग्राउंड फ्लोर पर रहते थे। दोपहर करीब एक बजे सूचना मिली कि उन्होंने तेरहवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर लिया है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच की तो उनके फ्लैट के अंदर महिला का शव बरामद हुआ। शरीर पर किसी चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन नाक से खून के रिसाव के संकेत हैं। फोरेंसिक टीम ने मौके से नमूने एकत्र किए हैं।
एसीपी के अनुसार, पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि राजवीर का पत्नी किरण बाला से उनका विवाद चल रहा था। उनकी पत्नी छह वर्षीय बेटे के साथ क्रॉसिंग रिपब्लिक की गौड़ सिटी में अलग रह रही है। पड़ोसियों के अनुसार, राजवीर ने ज्योतिषाचार्य के काम से आमदनी न होने पर गत दिनों ब्रॉडकास्ट शुरू किया था, जो बंद हो चुका है। ऐसे में वह आर्थिक तंगी और अवसाद से जूझ रहे थे।पिछले कुछ समय से उन्होंने लोगों से बातचीत भी कम कर दी थी। चर्चा है कि मां की हत्या के बाद राजवीर ने आत्महत्या की। हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। एसीपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही महिला की मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी। लोगों ने बताया कि सतनाम कौर कुछ दिन पूर्व ही बेटे के पास रहने आई थीं।

