Ghaziabad News : गाजियाबाद की झुग्गी बस्ती में लगी भयंकर आग, 150 झुग्गियां जली, कुछ बच्चों के लापता होने की अफवाह

Apr 16, 2026 - 15:38
Ghaziabad News : गाजियाबाद की झुग्गी बस्ती में लगी भयंकर आग, 150  झुग्गियां जली, कुछ बच्चों के लापता होने की अफवाह
गाजियाबाद की झुग्गी बस्ती में लगी भयंकर आग

Ghaziabad News : जनपद गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनवानी गांव की झुग्गी बस्ती में बृहस्पतिवार दोपहर को अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में 150 से अधिक झुग्गियां देखते ही देखते जल गई। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि दूर से ही दिखाई दे रही थीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आगजनी में छह बच्चों के लापता होने की बात सामने आ रही है। हालांकि कि जिला प्रशासन ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।

आग लगने की वजह से झुग्गियों में रखे रसोई गैस सिलिंडर एक-एक करके फटने लगे। इन धमाकों की आवाज से पूरा क्षेत्र दहल उठा और लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल और दमकल विभाग की कई टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। आग पर काबू पाने के लिए दर्जनों दमकल की गाड़ियां लगाई गई हैं। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि यह जानकारी सामने आ रहा है कि कबाड़ के गोदाम में आग लगी थी, जिसके बाद यह झुग्गियों में फैलती चली गई।

पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल ने बताया कि पुलिस और दमकल की टीमों ने युद्धस्तर पर बचाव कार्य शुरू किया। आग बुझाने के लिए लगातार पानी की बौछारें की गई। करीब एक दर्जन से अधिक वाटर टेंडर आग बुझाने में लगे। स्थानीय निवासियों ने भी अपनी जान जोखिम में डालकर आग बुझाने में मदद की। डीएम, एसीपी, सीएफओ, सीएमओ समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं।

इस भीषण अग्निकांड से सैकड़ों परिवारों का आशियाना उजड़ गया है। उनके पास खाने-पीने और रहने का कोई साधन नहीं बचा है। आग से हुए भारी नुकसान का आकलन किया जाएगा। पुलिस ने आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। कनवानी गांव की झुग्गी बस्ती में लगी आग के दौरान बड़ी संख्या में निवासी अपने काम पर गए हुए थे। इस दौरान कई परिवारों के छोटे बच्चे झुग्गियों में ही मौजूद थे। अचानक फैली आग की वजह से लोगों को भागने का या सामान व परिवार वालों को बचाने का समय नही मिला। वहीं कई परिवार वाले घटनास्थल के आसपास रोते बिलखते नजर आए। लोगों ने बताया कि उनके बच्चे आग लगने के बाद से लापता हैं।

 डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि आग को बुझाया जा चुका है। अभी भी काम चल रहा है। कूलिंग कार्य के बाद कॉम्बिंग की जाएगी। गाज़ियाबाद के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मंदाड़ ने बताया कि इंदिरापुरम थाना इलाके में कनावनी गांव है, और यहां लगभग 150 झुग्गियां हैं, यहां आग लग गई थी। यहां कबाड़ का गोदाम था। आग बुझाने के लिए दर्जनभर दमकल की गाड़ियां लगाई गई। आग बुझा दी गई है। अब आग कहीं और नहीं फैलेगी। अगर किसी के लापता होने की कोई शिकायत आती है, तो हम उसकी भी जांच करेंगे। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर एम्बुलेंस बुलाई है। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। अब तक, किसी के लापता होने या किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है।