Dadri News : पत्नी के खाना बनाने से इनकार करने पर पति ने की थी हत्या, गिरफ्तार
Dadri News : उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर के थाना दादरी पुलिस ने पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को बृहस्पतिवार की शाम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि खाना नहीं देने पर आरोपी का पत्नी के साथ विवाद हुआ था। इस बात से गुस्से में आकर आरोपी ने दुपट्टे से पत्नी का गला घोंट दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा बरामद कर लिया है।
सहायक पुलिस आयुक्त दादरी प्रशाली गंगवार ने बताया कि अपनी पत्नी कविता की हत्या के आरोप में फरार चल रहे आरोपी पति मोहित निवासी ग्राम चिटहेरा को नवीन मंडी दादरी के पास से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी शराब का आदी था। इस कारण आए दिन पत्नी के साथ विवाद व झगड़ा होता रहता था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना से पहले भी दोनों के बीच इस बात को लेकर झगड़ा हुआ था। उसके बाद पत्नी ने खाना नहीं बनाने और नहीं देने की बात कहीं। इस पर गुस्से में आकर आरोपी पति ने दुपट्टे से अपनी पत्नी का गला घोंट दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा बरामद कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने करीब 9 वर्ष पूर्व मृतका से प्रेम विवाह किया था। मृतका दलित समुदाय से थी, जबकि आरोपी गुर्जर बिरादरी से है।

