Jewar News : यमुना विकास प्राधिकरण ने किया 973 भूखंडों का आवंटन, एक लाख 10 हजार लोगों ने किया था आवेदन

Jun 18, 2026 - 22:32
Jewar News :  यमुना विकास प्राधिकरण ने किया 973 भूखंडों का आवंटन, एक लाख 10 हजार लोगों ने किया था आवेदन

Jewar News : यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के 973 भूखंडों के लिए 1,10,034 आवेदकों के बीच बृहस्पतिवार को ड्रॉ निकाला गया। हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त जज की निगरानी में ड्रॉ प्रक्रिया शाम तक जारी रही। अधिकारियों का कहना है कि देर रात तक ड्रॉ के परिणाम भी वेबसाइट पर अपडेट कर दिए जाएंगे। आवेदक शुक्रवार से ड्रॉ के परिणाम वेबसाइट पर देख सकेंगे।

एसीईओ शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि बृहस्पतिवार को एक्सपो सेंटर में ड्रॉ कराया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में आवेदक भी मौजूद रहे। ड्रॉ पूरी तरह निष्पक्ष रहे। इसके लिए आवंटन समिति के अलावा तीन सदस्य निगरानी समिति भी मौजूद रही। स्कूली बच्चों ने खुद आवंटन के लिए पर्चियों को ड्रॉप बॉक्स से निकाला। सभी सफल आवेदकों की पर्चियों और इनके निकलने की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। हॉल में मौजूद लोगों को भी सफल आवेदकों की पर्चियों का अवलोकन करने की अनुमति दी गई जिससे किसी को संशय नहीं रहे।

उन्होंने बताया कि अलग-अलग डिजिटल चैनलों पर लाइव प्रसारण में भी लोग ड्रॉ की प्रक्रिया को देखते रहे। सबसे पहले ड्रॉ में किसानों के लिए आरक्षित भूखंड की लाॅटरी हुई। इसके बाद आरक्षण और भूखंड साइज के क्रम में ड्रॉ की पर्चियां निकाली गईं। कई ऐसे सफल आवेदक भी रहे जोकि कई साल से आवेदन कर रहे थे लेकिन पहली बार उनको भूखंड आवंटित हुआ।