Noida News : महिला गैंग ने गले से मंगलसूत्र लूटा, पुलिस जांच में जुटी

Noida News : थाना फेस-वन क्षेत्र से एक महिला गैंग ने एक महिला के गले से मंगलसूत्र लूट लिया। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Noida News :
नोएडा में हुई इस अनोखी घटना ने शहर में तरह-तरह की चर्चा शुरू कर दी है। न्यू अशोक नगर दिल्ली की रहने वाली कल्पना पत्नी संजय कुमार ने बताया कि वह सेक्टर-1 के पास मार्केट में सामान खरीदने आई थी। वह सामान खरीद कर घर जा रही थी, तभी एलआईसी ऑफिस के पास एक महिला आई तथा वह उसके आगे चलने लगी। कुछ दूर चलने के बाद महिला नीचे रोड पर बैठ गई। जब पीड़ित महिला ने उसे सड़क से हटने के लिए कहा तो उसके बांई तरफ से एक महिला ने आकर कहा कि यह प्रेग्नेंट है, तथा दूसरी तरफ से आकर एक महिला ने सड़क पर बैठी महिला से कहा कि क्या हो गया। तुम्हारी तबीयत खराब हो गई है क्या। पीड़िता के अनुसार इसी बीच इनके गैंग के कुछ और महिलाएं और पुरुष वहां पर आ गए। महिला कुछ समझ पाती इससे पहले उन्होंने उसके गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। पीड़िता के अनुसार इस घटना से वह काफी भयभीत हो गई थी।
पीड़िता ने घटना की शिकायत थाना फेस-वन पुलिस से की है। थाना फेस-वन के प्रभारी निरीक्षक अमित भड़ाना ने बताया कि कल्पना की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्जकर पुलिस मामले की जांच कर रही है। नोएडा में पहली बार हुई इस तरह की लूट की घटना ने तरह-तरह की चर्चा शुरू कर दी है। कुछ लोगों का कहना है कि मेवाती गैंग की महिलाओं ने इस घटना को अंजाम दिया है, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि कल्याणपुरी क्षेत्र की रहने वाली महिलाओं ने इस घटना को अंजाम दिया है। इस तरह की महिलाओं ने एक संगठित गिरोह बना रखा है। बाजार में खरीदारी करने वाली महिलाओं का मोबाइल फोन, सोने की चेन आदि लूट लेती हैं।