Noida News : हत्या के मामले में वांछित एक लाख का इनामी गिरफ्तार, प्रधान की हत्या की फिराक में था आरोपी

Dec 18, 2024 - 10:26
Noida News : हत्या के मामले में वांछित एक लाख का इनामी गिरफ्तार, प्रधान की हत्या की फिराक में था आरोपी
हत्या के मामले में वांछित एक लाख का इनामी गिरफ्तार
Noida News : उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (एसटीएफ) नोएडा यूनिट ने बीती रात को हत्या के मामले में फरार चल रहे एक लाख रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है।  यूपी एसटीएफ नोएडा यूनिट के एसपी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि जनपद मेरठ में वर्ष 2024 में हुई एक हत्या के मामले में वांछित चल रहे मनप्रीत सिंह उर्फ सन्नी पुत्र जसवंत सिंह निवासी जनपद मेरठ को बीती रात को यूपी एसटीएफ ने हस्तिनापुर मेरठ के नहर के पास से गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इसके पास से एक पिस्टल ,सात कारतूस बरामद हुआ है।  उन्होंने बताया कि 17 दिसंबर की रात को एसटीएफ को सूचना मिली कि हत्या के मामले में वांछित एक लाख का इनामी मनप्रीत  अपने गांव के सरपंच की हत्या करने की नीयत से अपने साथी से मिलने हस्तिनापुर क्षेत्र में आने वाला है। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर एसटीएफ ने जाल बिछाया तथा उसे पकड़ लिया।
 पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उसकी उम्र 31 वर्ष है। वह कक्षा आठ पास है। उन्होंने बताया कि आरोपी के अनुसार वह वर्ष 2012-13 में अपने गांव के एक लड़के के साथ काम करने के लिए दिल्ली गया था, जहां पर वह मोटरसाइकिल चोरी व मोबाइल छिनने का काम करने लगा। उन्होंने बताया कि आरोपी के अनुसार उसने 2014 में अपने साथक कुलजीत सिंह के साथ दिल्ली पुलिस द्वारा पकड़ा गया था। लगभग चार माह बाद वह जेल से छूटा। जेल से छूटने के बाद वाहन चोरी की घटनाएं करता रहा। दिल्ली पुलिस द्वारा उसे  वर्ष 2016 में फिर से पकड़ा गया। 
उन्होंने बताया कि मेरठ के हस्तिनापुर में ग्राम प्रधानी के चुनाव में दिलदार सिंह प्रत्याशी थे, जिनका अभियुक्त मनप्रीत सिंह उर्फ सन्नी द्वारा समर्थन और प्रचार किया जा रहा था। दिलदार सिंह चुनाव जीत कर प्रधान बन गए, किंतु बाद में गांव में कुछ कार्यों को लेकर दिलदार सिंह और अभियुक्त मनप्रीत सिंह के बीच रंजिश हो गई, जिसके चलते दिलदार सिंह के करीब रिश्तेदार तीरथ सिंह की हत्या अभियुक्त मनप्रीत सिंह द्वारा की गई। अभियुक्त मनप्रीत सिंह दिलदार सिंह की हत्या करने की योजना में था। बताया जाता है कि सज्जन नामक व्यक्ति ने अभियुक्त मनप्रीत सिंह को हथियार खरीदने के लिए पैसे दिए थे। इसने बरामद पिस्टल मध्य प्रदेश के इंदौर से खरीदा था। उन्होंने बताया कि इसके खिलाफ चोरी, लूट, हत्या सहित विभिन्न धाराओं में 25 मुकदमे दर्ज हैं।