Noida News : आयकर विभाग से रिटायर्ड कमिश्नर के फार्म हाउस पर दो लोगों ने कब्जा करने का प्रयास किया
Noida News : आयकर विभाग से रिटायर्ड कमिश्नर के फार्म हाउस पर दो लोगों ने तोड़फोड़ कर कब्जा करने का प्रयास किया। ये लोग वहां से कुछ सामान भी उठा कर ले गए हैं। कमिश्नर के दामाद की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना एक्सप्रेसवे के प्रभारी विपिन कुमार ने बताया की बीती रात को मोहम्मद सैफ ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके ससुर जमील अहमद सेक्टर 35 में रहते हैं। उनके अनुसार उनके ससुर का ग्राम नगला- नगली डूब क्षेत्र में एक फार्म हाउस है। उन्होंने यह फार्म हाउस सन 2013 में वीरेंद्र कुमार यादव से खरीदा था। उनके अनुसार यहां पर तभी से उनके ससुर का कब्जा है। उन्होंने यहां पर तारकशी करवाकर एक कमरा बनवा रखा है। फार्म हाउस की देखने के लिए मुनेंद्र नामक व्यक्ति को रखा गया है।
उनके अनुसार जब केयरटेकर मुनेद्र फार्म हाउस पर मौजूद था तभी वहां पर ग्राम बाजितपुर के रहने वाले पवन और मोनू पुत्र रोहतास आए। इन लोगों ने फार्म हाउस में तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। जब केयरटेकर ने मना किया तो इन्होने उसके साथ गाली-गलौज कर मारपीट की। इन लोगों ने कहा कि यह जमीन हमारी है। तुम यहां से भाग जाओ। केयरटेकर ने घटना की सूचना अपने मालिक को दी। पीड़ित के अनुसार वे वहा पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि दोनों लोगों ने साइट पर लगे हुए 35 खंभे और 600 मीटर कटीले तार वहां से उठा लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित के अनुसार उनके ससुर आयकर विभाग से कमिश्नर पद से रिटायर्ड हैं।

