Noida News : जहरीली गैस की चपेट में आकर दो श्रमिकों को हुई मौत के मामले में प्राधिकरण के तीन अधिकारियों पर गाज गिरी

Aug 18, 2025 - 22:22
Noida News : जहरीली गैस की चपेट में आकर दो श्रमिकों को हुई मौत के मामले में प्राधिकरण के तीन अधिकारियों पर गाज गिरी

Noida News : नोएडा के सेक्टर 115 स्थित सीवेज पंपिंग स्टेशन में शनिवार को सफ़ाई करते समय सीवेज टैंक में गिरने से दो श्रमिकों की मौत हो गई थी। इस मामले की जांच नोएडा विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्ण करुणेश को सौंप गई। उन्होंने सोमवार को अपनी जांच रिपोर्ट दी। जांच रिपोर्ट के आधार पर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी लोकेश एम ने कार्रवाई करते हुए अवर अभियंता अनिल वर्मा (संविदा) को तीन माह के लिए सेवा से अवमुक्त कर दिया गया है, जबकि प्रबंधक पवन बरनवाल एवं प्रभारी वरिष्ठ प्रबंधक अशोक वर्मा के स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर प्रभारी वरिष्ठ प्रबंधक को कारण बताओं नोटिस और प्रबंधन को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने बताया कि इस मामले की जांच में अगर अन्य कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Police Station Sector 113 Noida News : थाना सेक्टर 113 के प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि दोनों मृतकों के परिजनों का आरोप है कि उन्हें कोई सुरक्षा उपकरण नहीं दिया गया था। जहरीली गैस के संपर्क में आने पर वे बेहोश होकर टैंक में गिर गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज करके आरोपी ठेकेदार पुष्पेंद्र कुमार सिंह निवासी सेक्टर-41 और अजीत निवासी लडपुरा छतारी बुलंदशहर को गिरफ्तार कर लिया है।

उनके मुताबिक, अलीगढ़ के मऊआखेड़ा निवासी बृजेश कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है कि शनिवार को उनके भाई खुशाल (24) और ताऊ का बेटा विकास (26) ठेकेदार अजीत और पुष्पेंद्र के कहने पर सेक्टर-115 में सीवर लाइन सफाई के लिए गए थे। उन्होंने कहा कि कुछ समय बाद अमित नाम के व्यक्ति की कॉल आई कि खुशाल और विकास की सीवर में डूबने से मौत हो गई है। बृजेश का आरोप है कि दोनो ठेकेदारों ने कोई सुरक्षा उपकरण नहीं दिया था। ठेकेदार की लापरवाही के कारण दोनों की मौत हुई है।