Noida News : पुरानी मर्सिडीज़ कार बेचने का झांसा देकर सवा सात लाख की ठगी

Aug 18, 2025 - 22:53
Noida News : पुरानी मर्सिडीज़ कार बेचने का झांसा देकर सवा सात लाख की ठगी
पुरानी मर्सिडीज़ कार बेचने का झांसा देकर सवा सात लाख की ठगी

Noida News : कम कीमत में पुरानी मर्सिडीज कार दिलाने के नाम पर कारोबारी के सवा सात लाख रुपये हड़पने के मामले में न्यायालय के आदेश पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ फेस- वन थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोपियों ने पीड़ित को बेची गई कार किसी और को बेच दी है। रुपये वापस मांगने पर आरोपी धमकी दे रहे हैं।

Police Station Phase 1 Noida News : थाना फेस- वन के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मान ने बताया कि सेक्टर-8 स्थित बांस बल्ली मार्केट निवासी आलेनवी ने न्यायालय में दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि वह ट्रेडिंग का काम बीते कई सालों से कर रहा है। उनका साथी दिल्ली निवासी सिद्धांत सक्सेना लेखाकार होने के साथ-साथ पुरानी कार खरीदने और बेचने का काम करता है।

उसने जून 2023 में आलेनवी को अपने दोस्त से पुरानी मर्सिडीज बेंज कार दिलाने के लिए कहा। सिद्धांत ने कार का 12 लाख रुपये में सौदा कराया। छह माह तक कोई भी खराबी आने पर ठीक कराने का वादा किया। शुरुआती चरण में आलेनवी ने विभिन्न बार में आरोपियों को सवा सात लाख रुपया दिया। सिद्धांत और उसके साथी ने इसके बाद कार आलेनवी के सुपुर्द कर दी। आरोप है कि कुछ दिन बाद ही कार के सनरूफ और इंजन में खराबी आ गई। शिकायत करने पर सिद्धांत और उसके साझेदार अतुल त्यागी ने इसे जल्द ठीक कराने की बात कही और कार लेकर चले गए। आलेनवी को कुछ दिन बाद पता चला कि दोनों ने कार को किसी अन्य को बेच दिया है। पीड़ित ने आरोपियों से रुपये मांगे तो धमकी दी गई। इस मामले में न्यायालय के आदेश पर सिद्धांत, फहीम व अतुल के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। फहीम ने कार की खरीद में मध्यस्थ की भूमिका निभाई थी। पुलिस नामजद आरोपियों से पूछताछ करने के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।