Noida News : इसी माह जिले को मिलेगी नौ नए पिंक बूथ की सौगात

Noida News : महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए नौ नए पिंक बूथ का इसी माह शुभारंभ हो जाएगा। बूथ के उद्घाटन के साथ ही वीडियो वॉल और नई पुलिस चौकियों का भी आगाज होगा। इस बारे में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने शनिवार को जानकारी दी। पिंक बूथ जिले के तीनों जोन में बनाए गए हैं।
Noida News :
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जिले की बढ़ती आबादी और विकास कार्यों को देखते हुए महिला सुरक्षा के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जा रही है। महिला सुरक्षा के लिहाज से तीनों जोन में नौ नए पिंक बूथ बनाए गए हैं। इतनी ही नई पुलिस चौकियां भी बनाई गई हैं। महिलाओं की सुरक्षा के लिए जिले में पहले से ही 14 पिंक बूथ संचालित किए जा रहे हैं। अब इनकी संख्या बढ़ाकर 23 हो जाएगी। पिंक बूथों पर केवल महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी, ताकि महिलाएं आसानी से अपनी समस्याएं महिला पुलिसकर्मियों को बता सकें और उन पर तुरंत कार्रवाई हो सके। ये बूथ महिलाओं की सुरक्षा के लिए समर्पित हैं और इनका उद्देश्य महिलाओं को एक सुरक्षित और सहज वातावरण प्रदान करना है। बूथ में सभी तरह के संचार माध्यम होंगे जो पुलिस के पास होते है। बूथ में महिलाओं के लिए रेस्ट रूम, वॉशरूम, शिकायत कक्ष, किचन से लेकर प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की गई है।
जिले के सभी थानों में वीडियो वॉल भी तैयार की गई हैं। इसके लिए हर थाने में टीवी स्क्रीन उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से थाना क्षेत्र के हर हिस्से पर नजर रखी जाएगी। यह व्यवस्था न केवल अपराध पर अंकुश लगाने में मददगार होगी, बल्कि अपराध के खुलासे में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पुलिस चौकियों और पिंक बूथ के निर्माण के लिए स्थानीय लोगों की राय को प्राथमिकता दी गई, जिससे चौकियां और बूथ उन स्थानों पर बनायी जा सकें, जहां उनकी सबसे अधिक जरूरत है। अब स्थानीय निवासी किसी भी समस्या की जानकारी पुलिस चौकी पर जाकर आसानी से दे सकेंगे, ताकि शिकायत मिलते ही पुलिस तुरंत कार्रवाई हो सके
।