Noida News : फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले आरोपी पुलिस गिरफ्त से दूर

Noida News : थाना सेक्टर 49 क्षेत्र के होशियारपुर गांव में शुक्रवार तड़के चार बजे के करीब हथियार से फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले भाजपा नेता के भतीजे और उसके साथियों को सेक्टर-49 थाने की पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित पक्ष ने अपने जान माल की हानि होने की आशंका व्यक्त की है
Noida News :
घटना का दो मिनट चार सेकेंड का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है,जिसमें पुलिस कारतूस के खोखे गिन रही है। कारतूसों को सफेद गोले में कवर किया गया है। वीडियो में मौके पर पुलिसकर्मी भी मौजूद दिख रहे हैं। कुछ पुलिसकर्मी स्थानीय लोगों से बातचीत करते भी नजर आ रहे हैं। होशियारपुर गांव निवासी कपिल यादव ने शनिवार को पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि शुक्रवार रात को वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सोए हुए थे। तड़के चार बजे के करीब घर के बाहर फायरिंग की आवाजें आने लगी। शिकायतकर्ता और उसके परिजन जब डर से बाहर निकले तो देखा कि सोरखा गांव का राहुल यादव अपने अन्य साथियों के साथ लाइसेंसी हथियार से फायरिंग कर रहा है। जब शिकायतकर्ता ने फायरिंग की वीडियो बनाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसके घर की तरफ भी फायरिंग की। इसके बाद आसपास के लोग भी जाग गए और मौके पर पहुंचे। राहुल और उसके साथियों ने गाली गलौज करने के बाद शिकायतकर्ता और उसके परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी। अब पीड़ित और उसके परिवार के लोगों को अनहोनी होने का डर सता रहा है। राहुल भाजपा नेता का भतीजा बताया जा रहा है। थाना सेक्टर 49 के प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार सैनी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीम में लगाई गई है जल्दी उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।