Noida News : उडीसा व बिहार राज्य से नोएडा में गांजा की तस्करी, 24 किलो गांजा के साथ 3 गिरफ्तार

Jun 24, 2024 - 22:54
Noida News : उडीसा व बिहार राज्य से नोएडा में गांजा की तस्करी, 24 किलो गांजा के साथ 3 गिरफ्तार
Noida News : थाना सेक्टर 24 पुलिस ने तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो इंजीनियरिंग के छात्र भी शामिल हैं।तस्करों के पास से पुलिस ने 24 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की बाजार में कीमत तीन लाख रुपये के करीब है। गिरफ्त में आए तस्करों का आपराधिक इतिहास पता किया जा रहा है। 
एडिशनल डीसीपी मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि शहर के पीजी और कॉलेजों के आसपास गांजे की आपूर्ति करने वाले गिरोह के बारे में अहम जानकारी पुलिस को बीते दिनों मिली थी। इसी क्रम में सोमवार को तीन गांजा तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ गए। तस्करों की पहचान बिहार के गोपालगंज निवासी अपूर्व राज पांडेय, वैशाली निवासी ऋषिराज कुमार और हाथरस निवासी आयुष गुप्ता के रूप में हुई। तीनों वर्तमान में नोएडा के अलग-अलग हिस्से में किराये का कमरा लेकर रह रहे हैं। अपूर्व राज पांडेय और ऋषिराज ने गुजरात की एक यूनिवर्सिटी से बीटेक किया हुआ है। वहीं एक अन्य तस्कर आयुष 12वीं पास है। बीटेक पास तस्कर ही स्कूल, कॉलेज और पीजी में रहने वाले छात्रों से संपर्क करके उनको गांजा सप्लाई करते थे। ये गांजा ऑन डिमांड भेजा जाता था।  तीनों को  पुलिस ने शिवम मार्केट के पास से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में तीनों ने बताया कि वह उड़ीसा व बिहार से भारी मात्रा में वीआईपी बैग व अटैची में गांजा भरकर उसके ऊपर कपडे़ रखकर दिल्ली, नोएडा, एनसीआर क्षेत्र में लाते है। बैग व अटैची में गांजे के ऊपर कपड़े इसलिए रखते हैं, ताकि चेकिंग के दौरान बचा जा सके। यहां गांजा आने के बाद डिमांड के आधार पर पीजी और कॉलेज के बाहर छात्रों और अन्य लोगों को बेचा जाता है। ये पूरा सप्लाई का काम ऑन डिमांड वाट्सऐप के जरिए होता था। इसके लिए ग्रुप बने हुए है। डिमांड आने पर ग्राहक को मॉल पहुंचा दिया जाता था।
दोस्ती कर खोजते हैं शिकार
गिरफ्त में आए तीनों आरोपी खुद भी नशा करते हैं। आरोपियों ने बताया कि वह यूनिवर्सिटी के आसपास घूम कर छात्रों से दोस्ती करते हैं। इसके बाद उनकी मदद से पीजी और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने वाले छात्रों को गांजा बेचते हैं। नोएडा में बीते दिनों भारी मात्रा में गांजे और नशे के खेप पकड़ी गई थी। वहीं से इस गिरोह के बारे में पुलिस को जानकारी मिली थी। पहले आरोपी हैदराबाद की यूनिवर्सिटी के छात्रों को टारगेट करके गांजा सप्लाई करते थे।  वहां की पुलिस ने पकड़कर आरोपियों को जेल में डाल दिया था। आरोपी जेल से छूटने के बाद दिल्ली एनसीआर में गांजे की सप्लाई करने लगे। पुलिस आरोपियों के अपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।