Noida News : रामपुर में अधिवक्ता की हत्या के विरोध में प्रदर्शन कर सीएम को भेजा ज्ञापन

Feb 12, 2026 - 17:26
Noida News : रामपुर में अधिवक्ता की हत्या के विरोध में प्रदर्शन कर सीएम को भेजा ज्ञापन
रामपुर में अधिवक्ता की हत्या के विरोध में प्रदर्शन कर सीएम को भेजा ज्ञापन

Noida News : जनपद रामपुर में अधिवक्ता फारुख अहमद खान की गोली मारकर की गई हत्या के विरोध में जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन गौतमबुद्धनगर की कार्यकारिणी की एक बैठक अध्यक्ष मनोज भाटी (बोडाकी) एडवोकेट की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को हुई। बैठक में अधिवक्ता की नृशंस हत्या पर गहरा शोक, आक्रोश एवं कड़ी निंदा व्यक्त की गई। बैठक के बाद अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर जिला प्रशासन को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।

जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज भाटी ने बताया कि कार्यकारिणी की बैठक में जनपद रामपुर में बार एसोसिएशन रामपुर के सदस्य अधिवक्ता फारुक अहमद खान की दिनदहाड़े गोली मारकर की गई नृशंस हत्या पर गहरा शोक व्यक्त की गई। बार अध्यक्ष ने कहा कि यह घटना अत्यंत हृदयविदारक है, यह सम्पूर्ण अधिवक्ता समाज की सुरक्षा एवं सम्मान पर सीधा प्रहार है। इस जघन्य कृत्य से पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित पूरे प्रदेश के अधिवक्ताओं में गहरा रोष एवं असंतोष व्याप्त है। बैठक में अधिवक्ता फारुक अहमद खान के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने एवं शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की गई। वहीं केन्द्रीय संघर्ष समिति, हाईकोर्ट बेंच स्थापना, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आहवान पर व बार एसोसिएशन रामपुर के समर्थन में जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन गौतमबुद्धनगर के अधिवक्ताओं ने गुरुवार को न्यायालय में कार्य नहीं किया। 

बैठक के बाद अधिवक्ताओं ने विरोध स्वरूप प्रदर्शन कर जिलाधिकारी के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन के माध्यम से शासन-प्रशासन से मांग की गई है कि मृतक एडवोकेट फारूख अहमद खान के परिवार को 1.5 करोड़ रुपये की तत्काल आर्थिक मदद दी जाए तथा मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की जाए। इसके साथ ही दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी कर कठोरतम दंड दिलाया जाए तथा अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए 'एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट' पूरे देश में लागू करने की ठोस एवं प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बैठक एवं ज्ञापन देते समय सचिव शोभाराम चन्दीला एडवोकेट, कोषाध्यक्ष कल्याण सिंह नागर, सिंहराज चौधरी एडवोकेट (सहसचिव, प्रशासनिक), सोनम यादव (सहसचिव, सांस्कृतिक) एडवोकेट, अमित कुमार एडवोकेट (सहसचिव, पुस्तकालय) सहित अन्य अधिवक्तागण मौजूद रहें।