Noida News : दिल्ली- मेरठ हाईवे पर अनियंत्रित पिकअप ट्रक से टकराया, बचाव में लगे 6 लोगों को पीछे से आ रहे ट्रक ने कुचला, दो की मौत
Noida News : थाना सेक्टर 58 क्षेत्र के सेक्टर 62 के पास दिल्ली मेंरठ हाईवे पर सोमवार की देर रात को एक अनियंत्रित पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। इस घटना में चालक वाहन के अंदर फंस गया। उसे निकालने के लिए तीन ट्रकों के चालक व कुछ अन्य लोग अपने वाहन खड़ा करके जुट गए। इसी बीच एक अज्ञात ट्रक चालक ने बचाव कार्य मे लगे 6 लोगों को कुचल दिया। उन्हें उपचार के लिए गाजियाबाद और दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। उपचार के दौरान दो लोगों की मौत हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Police Station Sector 58 Noida News : पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना सेक्टर 58 क्षेत्र के मेरठ दिल्ली हाईवे पर सेक्टर 62 के पास मेरठ से दिल्ली आने वाली लेन में सड़क किनारे खड़े ट्रक से पिकअप वैन पीछे से आकर टकरा गई। पिकअप में फंसे ड्राइवर अमित को तीन ट्रक चालक और कुछ अन्य लोग अपने वाहनों को साइड में रोककर निकालने लगे, तभी पीछे से आ रहे एक सब्जी से भरे ट्रक ने रेस्क्यू में लगे 6 लोगों को टक्कर मार दिया। इस घटना में गोविंद चौहान 35 वर्ष, देवेंद्र सिंह 34 वर्ष, वीरेंद्र, साहिल, हरिओम सहित 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए उन्हें गाजियाबाद और दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। उन्होने बताया कि उपचार के दौरान दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में दो लोगों गोविंद चौहान और देवेंद्र की मौत हो गई है। एक व्यक्ति की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। उन्होंने बताया कि इस घटना के चलते देर रात को दिल्ली मेरठ हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रक की टक्कर लगने से कुछ लोग काफी दूर तक उछलकर जा गिरे। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु किया गया है।

