Noida News : सोसाइटी की बेसमेंट में खड़ी तीन कारों में लगी आग

Jul 28, 2026 - 19:53
Noida News : सोसाइटी की बेसमेंट में खड़ी तीन कारों में लगी आग

Noida News : थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के सेक्टर-46 स्थित गार्डेनिया ग्लोरी सोसाइटी के बेसमेंट में खड़ी कार में आग लग गई। आग तेजी से फैली जिसने दो और गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने पहले फायर एस्टिंग्यूशर से आग बुझाने का प्रयास किया। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने 30 मिनट में आग पर काबू पाया। आग से कोई जनहानि नहीं है, लेकिन तीन गाड़ियां जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं।

CFO Noida : मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि घटना सोमवार रात करीब 12 बजे की है। फायर विभाग को सूचना मिली थी कि सोसाइटी के बेसमेंट में बनी पार्किंग में खड़े वाहनों में आग लग गई है। टीम के पहुंचने से पहले स्थानीय लोग सोसाइटी में लगे एस्टिंग्यूशर से आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे। मौके पर जाकर देखा तो पता चला कि आग ने तीन गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया है। आग की लपट इतनी तेज थी कि उसके पास जा पाना मुश्किल था। वहां मौजूद लोगों ने सिलेंडर की मदद से आग की लपट को कम करने का प्रयास किया, लेकिन कार से बगल में पार्क की गई दो और कार उसकी चपेट में आग गईं। जिससे तेजी से आग फैली। गनीमत रही कि आग को 30 मिनट में ही बुझा दिया गया। शुरुआती जांच और पूछताछ से पता चला कि आग सबसे पहले सीएनजी से चलने वाली हुंडई की वेन्यू गाड़ी में लगी थी। इसके बाद उनके पास खड़ी होंडा डब्ल्यूआरवी और स्कॉर्पियो में भी आग लग गई। वेन्यू कार के स्वामी ने बताया कि वह करीब 30 मिनट पहले ही आया था और कार खड़ी की थी। अभी तक वाहनों में आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है।