Noida News : साइबर अपराधियों ने तीन लोगों को बनाया शिकार, करीब 41 लाख रुपए की ठगी
Noida News : साइबर क्राइम अपराधियों ने विभिन्न जगहों पर रहने वाले तीन लोगों को अपना शिकार बनाया। बदमाशों ने इन्वेस्ट कर मोटी रकम कमाने का लालच देकर, डीमैट खाथा खुलवाने के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाया।
पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि बीती रात को रमेश चंद सोनी ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहते हैं। पीड़ित के अनुसार व्हाट्सएप ऐप के माध्यम से कुछ लोगों ने उनसे संपर्क किया तथा कहा कि शेयर मार्केट में निवेश करने से उन्हें काफी मुनाफा होगा। पीड़ित के अनुसार वह उनकी बातों में आ गए तथा धीरे-धीरे करके उन्होंने उनके बताए हुए विभिन्न खातों में 17 लाख 39 हजार 843 रूपए ट्रांसफर कर दिया। पीड़ित के अनुसार उनकी रकम ऐप पर बढी हुई दिखाई दे रही थी। जब उन्होंने अपना पैसा निकालने का प्रयास किया तो साइबर अपराधियों ने उनको ग्रुप से बाहर निकाल दिया। डीसीपी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डीसीपी ने बताया कि अजय कुमार सिंह पुत्र गोरखनाथ सिंह ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह छलेरा गांव में रहते हैं। पीड़ित के अनुसार अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनसे संपर्क किया तथा टेलीग्राम के माध्यम से इन्वेस्टमेंट करने की सलाह दी। पीड़ित के अनुसार वह उनकी बातों में आ गए तथा उन्होंने 9 लाख 51 हजार 473 रूपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिया। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने धोखाधड़ी कर उनकी रकम हड़प ली। डीसीपी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदीप राय ने बीती रात को साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि ऋषभ उर्फ मोहम्मद शरीफ नामक व्यक्ति उनके घर पर आया। उसने उनसे डीमैट खाता खोलने के लिए बात की। उन्होंने उसे अपना फोन दे दिया। पीड़ित के अनुसार आरोपी ने उनके फोन का क्लोन बना लिया और उनके खाते से लगभग 14 लाख रुपया निकाल लिया। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

