Noida News : कांग्रेसियों ने प्रदर्शन कर भाजपा के खिलाफ की नारेबाजी, पुतला दहन पुलिस ने रोका

Jul 31, 2024 - 18:19
Jul 31, 2024 - 18:21
Noida News : कांग्रेसियों ने प्रदर्शन कर भाजपा के खिलाफ की नारेबाजी, पुतला दहन पुलिस ने रोका

  Noida News : लोकसभा के मानसून सत्र के दौरान भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की जाति पूछने के मामले लेकर देश भर में कांग्रेस कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए हैं। उक्त बयान को लेकर लोकसभा का मानसून सत्र भी काफी हंगामेदार चल रहा है। बुधवार को भी हंगामा जारी रहा। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को लोकसभा में विपक्ष पर तीखा हमला बोला। जिस पर राहुल गांधी ने अनुराग ठाकुर पर गाली देने का आरोप लगाया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी अनुराग ठाकुर के बयान से नाराज हुए।

आज विरोध स्वरूप दिल्ली से सटे नोएडा में कांग्रेस कार्यकताओं ने सेक्टर-12/22 नोएडा स्टेडियम के पास प्रदर्शन करते हुए अनुराग ठाकुर का पुतला दहन करने का प्रयास किया। जिसे पुलिस ने विफल कर दिया।
महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष मुकेश यादव ने बताया कि सांसद एवं लोकसभा में प्रतिपक्ष नेता राहुल गांधी पर भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने लोकसभा में अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। जिसको लेकर नोएडा में कांग्रेसियों ने विरोध प्रदर्शन कर भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की उसके बाद एसीपी अरविंद कुमार को महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।

धरना-प्रदर्शन में शामिल जिला कांग्रेस कमेटी व्यापार प्रकोष्ठ गौतमबुद्व नगर के जिलाध्यक्ष अभिषेक जैन ने कहा कि हम सब कांग्रेसजन अनुराग ठाकुर की बातों की घोर निंदा करते है। कांग्रेस कार्यकर्ता अपने नेता पर अपशब्द भाषा का प्रयोग कभी बर्दाशत नहीं करेंगे। हम सब कांग्रेसजन मांग करते है कि भाजपा नेता अनुराग ठाकुर के खिलाफ कार्रवाई की जाए। पूर्व प्रदेश सदस्य सतेन्द्र शर्मा ने कहा कि भाजपा नेता लगातार हमारे कांग्रेस नेताओं पर अपशब्द भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, यह गलत है। भाजपा के नेताआंे को सत्ता का घमंड हो गया है जबकि जनता ने हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा नेताओं को सबक सिखाया है।


भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर के खिलाफ नोएडा में हुए धरना-प्रदर्शन के दौरान महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव, वरिष्ठ नेता दिनेश अवाना, जिला कांग्रेस कमेटी व्यापार प्रकोष्ठ गौतमबुद्व नगर के जिलाध्यक्ष अभिषेक जैन, प्रदेश सचिव पुरुषोत्तम नागर, पूर्व पीसीसी सदस्य सतेन्द्र शर्मा, अखिल भारतीय कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय सचिव लियाकत चौधरी, पीसीसी सदस्य यतेंद्र शर्मा, पूर्व महानगर अध्यक्ष शहाबुदीन, दयाशंकर पांडेय, विक्रम चौधरी, आरके राणा, रामकुमार शर्मा, वीरेन्द्र मुखिया, विरोदेवी, परवेज खान, जावेद खान,लोकेंद्र यादव, मुनेश यादव, रोबिन यादव सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहें।