Noida News : हाई टेंशन लाइन की चपेट में आकर श्रमिक की मौत
Noida News : थाना बिसरख क्षेत्र के ग्राम रोजगार जलालपुर में मंगलवार की रात को निर्माणाधीन एक मकान की छत पर लोहे का जाल बांधते समय हाई टेंशन लाइन की चपेट मे आने से एक श्रमिक की मौत हो गई है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों ने आर्थिक मदद की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि रोजा जलालपुर गांव में रहने वाले एक व्यक्ति का मकान बन रहा है। वहां पर सरिया बांधने के लिए युसूफ पुत्र मोहम्मद अली उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम सादोपुर की झाल आए थे। उन्होंने बताया कि वह सरिया बांध रहे थे। तभी वहां से गुजर रहे हाई टेंशन की बिजली की तार से सरिया टच हो गया, तथा उन्हें करंट लग गया। गंभीर हालत में उन्हें उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने अस्पताल के बाहर विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि थाना बिसरख पुलिस ने मृतक के परिजनों और मकान मालिक के बीच वार्ता कराई, उसके बाद परिजन शांत हुए।

