Noida News : आबादी की जमीन को लेकर घमासान, ग्रामीणों का प्राधिकरण पर फूटा गुस्सा

Oct 28, 2026 - 16:47
Noida News : आबादी की जमीन को लेकर घमासान, ग्रामीणों का प्राधिकरण पर फूटा गुस्सा

Noida News : जमीन अधिग्रहण को लेकर नोएडा विकास प्राधिकरण और किसानों के बीच तनातनी चल रही है। प्राधिकरण और ग्रामीणों के बीच टकराव तेज हो गया है। गढ़ी समस्तीपुर, मोमनाथल और कोंडली बांगर गांवों की करीब 85 एकड़ आबादी भूमि को लेकर ग्रामीणों ने मोमनाथल में जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उनकी आबादी की जमीन बिल्डर को सौंपने की तैयारी की जा रही है। इससे करीब 1,500 घरों पर संकट मंडराने की आशंका जताते हुए लोगों ने भूटानी बिल्डर के पोस्टर जलाए और प्राधिकरण के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर किया। ग्रामीणों ने दो टूक कहा कि उनकी आबादी की जमीन पर किसी भी कीमत पर कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 ग्रामीणों सोनी सिंह का आरोप है कि जिन जमीनों पर उनके परिवार के लोग लंबे समय से रह रहे हैं, उन्हें लेकर उनकी आपत्तियों और अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। उनका दावा है कि करीब 85 एकड़ जमीन के मामले में अधिग्रहण की उचित प्रक्रिया पूरी किए बिना बिल्डर के पक्ष में कार्रवाई की आशंका है। हालांकि, जमीन को लेकर प्राधिकरण की वास्तविक योजना और ग्रामीणों के आरोपों पर उसका आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।

ग्रामीणों ने जमीन विवाद का मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित होने का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि जब मामला न्यायालय में विचाराधीन है, तब जमीन को लेकर किसी भी संभावित कार्रवाई में कानूनी स्थिति और प्रभावित परिवारों के अधिकारों का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए। ग्रामीणों ने मांग की है कि इस मुद्दे पर कोई निर्णय लेने से पहले न्यायिक स्थिति स्पष्ट करे, संबंधित दस्तावेजों की जांच कराए और प्रभावित परिवारों की बात सुने। उनका आरोप है कि ग्रामीणों की आपत्तियों को दरकिनार कर कोई कदम उठाना उनके हितों के खिलाफ होगा।