Noida News : घर में अकेली महिला के कपड़े फाड़े, एफएनजी फ्लाईओवर पर अश्लील हरकत व छेड़छाड़

Noida News : नोएडा में रहने वाली दो महिलाओं के साथ अश्लील हरकत, छेड़छाड़ व कपड़े फाड़ने का मामला थाने तक पहुंचा है। पीड़ित महिलाओं की शिकायत पर थाना दादरी तथा थाना सेक्टर-113 की पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना दादरी के प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि एक महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि अशोक पुत्र गुलाब सिंह निवासी नई बस्ती बीती रात को उसके घर में आया। वह घर में अकेली थी। उसने उसके साथ अश्लील हरकत करनी शुरू कर दी। जब उसने विरोध किया तो उसने गंदी-गंदी गालियां दी तथा उसके साथ मारपीट करने लगा। उन्होंने बताया कि पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसके कपड़े फाड़ कर उसके अंगों के साथ छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार दोनों पक्ष में पैसे को लेकर लेनदेन का विवाद है।
Noida News :
दूसरे मामले में सुबह सैर पर निकली सेक्टर-120 स्थित प्रतीक लॉरेल सोसायटी निवासी एक महिला के साथ बाइक सवार मनचलों ने एफएनजी फ्लाईओवर पर छेड़खानी की। विरोध करने पर मनचले महिला को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर फरार हो गए। डरी सहमी महिला इसके बाद घर वापस आ गई और घटना की जानकारी करीबियों को दी। सूचना मिलने पर घटना के बारे में नोएडा हाइराइज फेडरेशन 100 एक्स ने तुरंत एक्स पर पुलिस कमिश्नर को टैग करके पोस्ट कर दिया। जवाब में सेक्टर-113 थाने की पुलिस ने महिला से संपर्क कर घटना के बारे में जानकारी ली। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी बाइक सवार युवकों की पहचान की जा सके। नोएडा हाइराइज फेडरेशन 100 एक्स की ओर से पोस्ट में लिखा गया कि सोसायटी की महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। सोसायटी की एक महिला ने बताया कि दौड़ लगाते हुए वह एफएनजी फ्लाइओवर तक गई थीं। इसी दौरान बाइक रोक कर दो बदमाशों ने उसके साथ अभद्र और अश्लील टिप्पणी की। यहीं नहीं आरोपी युवकों ने महिला को गलत तरीके से छूने का प्रयास भी किया। सेक्टर-113 थाना प्रभारी ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी युवकों को तलाश लिया जाएगा।