Noida News : लोकसभा की आवासीय कमेटी के अध्यक्ष और सदस्यों ने नोएडा एयरपोर्ट के बिस्तार की तैयारियो पर की चर्चा
Noida News : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गुरुवार को लोकसभा की आवासीय कमेटी के अध्यक्ष और स्थानीय सांसद डॉ महेश शर्मा की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों की एक कमेटी पहुंची। इस दौरान उन्होंने एयरपोर्ट की प्रगति और विस्तार की तैयारियों की समीक्षा की, साथ ही मौजूदा सुविधाओं को भी परखा।लोकसभा आवासीय कमेटी की बैठक नोएडा एयरपोर्ट पर आयोजित हुई। इस दौरान अधिकारियों ने परियोजनाओं की वर्तमान प्रगति एवं भविष्य में योजनाओं के विस्तार इत्यादि की जानकारी दी। उन्होंने सांसदों एवं वीवीआईपी के लिए उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल व्यवस्थाओं, वीआईपी एवं वीवीआईपी लाउंज, यात्री सुविधाओं, प्रस्थान व आगमन क्षेत्रों, दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष व्यवस्थाओं, टर्मिनल भवन, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं तथा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर तैयारियों व सुविधाओं को परखा। साथ ही एएआई, नायल, यापल, बकास, सीआईएसएफ, बीआईओ, सीबीआईसी तथा राजस्व विभाग सहित विभिन्न एजेंसियों के मध्य समन्वय एवं भविष्य में आवश्यक चिकित्सीय सुविधाओं एवं सुधारों पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस दौरान सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश की आर्थिक प्रगति, रोजगार सृजन व वैश्विक संपर्क का एक सशक्त केंद्र बनकर उभरेगा। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।
इस दौरान मौके पर हाउसिंग कमेटी की सदस्य एवं सांसद अपराजिता सारंगी, सांसद कोडिकुन्निल सुरेश, सांसद अक्षय यादव, बुलंदशहर सांसद डॉ भोला सिंह, अलीगढ़ सांसद सतीश कुमार गौतम, सिकंदराबाद विधायक लक्ष्मीराज सिंह, खुर्जा विधायक मीनाक्षी सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, एलएलसी नरेंद्र भाटी, श्रीचंद शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, उपाध्यक्ष क्रिस्टोफ श्नेलमैन, नायल सीईओ राकेश कुमार सिंह समेत केंद्र सरकार के अधिकारी मौजूद रहे। हालांकि, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह बैठक में शामिल नहीं रहे।
इस बैठक के दौरान एयरपोर्ट संचालन के पहले दिन सांसदों और अन्य जनप्रतिनिधियों को न बुलाने का मामला भी अलीगढ़ के सांसद सतीश गौतम और बुलंदशहर सांसद डॉ भोला सिंह ने उठाया और इसको लेकर नाराजगी भी जतायी। समिति ने इस मामले में एयरपोर्टके अधिकारियों से जवाब भी मांगा है।

