Noida News : जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के लिए भाजपा ने कसी कमर, प्रदेश अध्यक्ष करेंगे बैठक
Noida News : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुभारम्भ के अवसर पर होने वाली प्रधानमंत्री की जनसभा की तैयारियों में भाजपा ने पूरी ताकत लगा दी है। सभी जनप्रतिनिधियों और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी गांव-गांव में जनसंपर्क कर अधिक से अधिक लोगों से रैली में पहुंचनें की अपील कर रहे हैं। इसके साथ ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बृहस्पतिवार को एक बार फिर से एयरपोर्ट के पास बने रैली स्थल पर पहुंच कर पार्टी के पदाधिकारियों से वार्ता कर तैयारियों की समीक्षा करेंगे और रैली के आयोजन तक वह जिले में ही डेरा डालेंगे। एयरपोर्ट के शुभारम्भ के अवसर पर 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनसभा को संबोधित करेंगे।
इस जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के प्रयासों में भाजपा जुटी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी गुरुवार को एक बार फिर से रैली स्थल पर पहुंचेंगे और वहां पर संगठन के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे और रैली की तैयारियों की समीक्षा कर अन्य दिशा-निर्देश देंगे। उनके साथ ही प्रदेश संगठन मंत्री के भी आने की संभावना जतायी जा रही है। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसौदिया भी जिले में ही रहे और उन्होंने रैली को लेकर जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा व अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक की। सांसद डॉ महेश शर्मा ने लोकसभा क्षेत्र के 20 गांवों का दौरा कर जनसंपर्क किया। उन्होंने रामगढ़ी, फिरोजपुर, अहरौली, भूतगढ़ी, भिंडौर, गोठनी, छपना, इब्राहीमपुर-डासौली, माँचड़, कलाखुरी, जवां, भुन्ना, नेकपुर, चिंगरावली, मुमरेजपुर, कपना, गोविला, हसनपुर एवं परौरी आदि गांवों में पहुंचकर स्थानीय निवासियों से संवाद कर अधिक से अधिक संख्या में इस रैली में पहुंचने की अपील की। राज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सुरेन्द्र नागर ने भी क्षेत्र के गांवों में जनसंपर्क किया और उन्होंने डाढ़ा गांव में 40 गांवों के प्रमुख लोगों के साथ बैठक कर इस रैली में अधिक से अधिक संख्या में लोगों को लाने की अपील की और एयरपोर्ट के कारण होने वाले विकास कार्यों की जानकारी दी। दुजाना गांव में दादरी और सिकंदराबाद ब्लाक के प्रमुख लोगों के साथ भी बैठक की।भाजपा नोएडा महानगर में जिला अध्यक्ष महेश चौहान के नेतृत्व में प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा एवं नोएडा महानगर विधायक पंकज सिंह ने सभी आठों मंडलों में रैली को लेकर चल रही तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान सभी मंडलों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे घर-घर जाकर अधिक से अधिक लोगों से संपर्क करें तथा बसों एवं निजी वाहनों के माध्यम से बड़ी संख्या में रैली में सहभागिता सुनिश्चित करें। पंकज सिंह ने कहा कि हम सभी को उत्तर प्रदेश में विकास की इस नई उड़ान के उद्घाटन के ऐतिहासिक अवसर पर उपस्थित होकर इसका साक्षी बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट केवल एक बुनियादी ढांचा परियोजना नहीं, बल्कि नए उत्तर प्रदेश की नई पहचान है।सूरजपुर मंडल, बिसरख मंडल, ग्रेटर नोएडा मंडल, जारचा मंडल में भी बैठकों का आयोजन किया गया। यहां पर प्रदेश उपाध्यक्ष बृजबहादुर भारद्वाज व जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने रैली को लेकर चल रही तैयारियों की समीक्षा की। मंडल कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों से कहा कि एयरपोर्ट उद्घाटन समारोह जनसभा में ज़्यादा से ज़्यादा संख्या जाये उसके लिये बूथ तक बैठक कर संदेश जाये। यह सुनिश्चित किया जाए कि सुबह नौ बजे तक सभी लोग जनसभा स्थल पर पहुंच जाए। जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि एयरपोर्ट के बनने से देश प्रदेश क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा जिससे युवाओं को रोज़गार मिलेगा इसको लेकर यहाँ की जनता में उत्साह है यहाँ से बड़ी संख्या लोग प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सुनने के लिये उत्सुक हैं जनसभा ऐतिहासिक होगी।

