Noida News : यूपी रेरा ने पांच जिलों की 11 परियोजनाओं को दी मंजूरी

Oct 1, 2026 - 23:37
Noida News : यूपी रेरा ने पांच जिलों की 11 परियोजनाओं को दी मंजूरी

Noida News : उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने पांच जिलों में 11 रियल एस्टेट परियोजनाओं को आज मंजूरी दी है। इनमें दो परियोजनाएं गौतमबुद्ध नगर में हैं। सभी परियोजनों में फ्लैट और दुकान मिलाकर 1873 इकाइयों के निर्माण के साथ 2,086.06 करोड़ रुपये का निवेश आएगा।

 यूपी रेरा की 215वीं बैठक गुरुवार को अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी की अध्यक्षता में हुई। उनके मुताबिक निवेश के मामले में गौतमबुद्ध नगर सबसे आगे रहा। जिले की दो आवासीय परियोजनाओं में करीब 1,800.36 करोड़ रुपये का निवेश होगा। इसमें 1,398 फ्लैटों का निर्माण किया जाएगा। वहीं, परियोजनाओं की संख्या के मामले में लखनऊ पहले स्थान पर है। यहां दो आवासीय और तीन व्यावसायिक समेत कुल पांच परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। इनमें 169.53 करोड़ रुपये का निवेश और 198 इकाइयों का विकास प्रस्तावित है।उन्होंने बताया कि बाराबंकी में एक आवासीय परियोजना में 5.78 करोड़ के निवेश से 53 इकाइयां, गाजियाबाद में दो आवासीय परियोजनाओं में 106.84 करोड़ के निवेश से 211 इकाइयां और मुरादाबाद में एक व्यावसायिक परियोजना में 3.55 करोड़ के निवेश से 13 इकाइयां विकसित होंगी। 

यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी का कहना है कि रियल एस्टेट परियोजनाओं को समयबद्ध स्वीकृति देने के साथ उनके विकास की निगरानी भी की जा रही है। प्राधिकरण का प्रयास है कि बिल्डरों और घर खरीदारों दोनों के लिए भरोसेमंद व्यवस्था बनी रहे।