Greater Noida News : जहर खाने से नव विवाहिता की मौत
Greater Noida News : थाना रबूपुरा क्षेत्र के खेड़ा मोहम्मदाबाद गांव की रहने वाली एक 22 वर्षीय महिला की जहर खाने से मौत हो गई है। उसके मायके वालों ने आरोप लगाया है कि उसके ससुराल वालों ने जहर देकर उसकी हत्या की है। उसकी चार माह पूर्व शादी हुई थी। अपर पुलिस उपायुक्त नोएडा की मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना रबूपुरा के प्रभारी निरीक्षक श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि श्रीमती नीतू पत्नी योगेश निवासी ग्राम खेड़ा मोहम्मदाबाद ने सोमवार की शाम को अपने घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। उसके ससुराल वालों ने उसे उपचार किया अस्पताल में भर्ती करवाया जहां पर उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उन्होंने बताया कि महिला की 4 माह पूर्व शादी हुई थी। यह उसकी दूसरी शादी थी। अपर पुलिस उपायुक्त नोएडा मनीषा सिंह की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि मृतका के मायके वालों ने आरोप लगाया है कि उसके ससुराल वालों ने दहेज के लिए उसकी हत्या की है। उन्होंने बताया कि अभी तक उन्होंने कोई लिखित शिकायत नहीं दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

