Noida News : मंदिर से दर्शन करके लौट रहे पति-पत्नी की बाइक में कार ने मारी टक्कर, पत्नी की मौत पति घायल

Apr 21, 2025 - 10:46
Noida News : मंदिर से दर्शन करके लौट रहे पति-पत्नी की बाइक में कार ने मारी टक्कर, पत्नी की मौत पति घायल
Symbolic Image
Noida News :  थाना सेक्टर 63 क्षेत्र के नेशनल हाईवे 24 पर आज सुबह को बाइक पर सवार होकर जा रहे पति-पत्नी को एक अज्ञात  कार चालक ने टक्कर मार दिया। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। वही इस घटना से आक्रोशित कुछ लोगों ने मौके पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। उन्हें पुलिस ने समझा- बूझाकर वापस भेजा।
Noida News :
 थाना सेक्टर 63 के प्रभारी निरीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि बहलोलपुर गांव में रहने वाले अनुज कुमार (24 वर्ष) अपनी पत्नी मोनिका उर्फ मोनी उम्र 22 वर्ष के साथ बाइक पर सवार होकर मंदिर से पूजा करके घर लौट रहे थे, तभी एक टियागो कार के चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इस घटना में पति-पत्नी सड़क पर गिर गए। थाना प्रभारी ने बताया कि श्रीमती मोनिका की मौके पर ही मौत हो गई  जबकि उनके पति अनुज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि अनुज को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं इस घटना से आक्रोशित सैकड़ो की संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए तथा उन्होंने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने उन्हें समझा कर वापस भेजा।