Noida News : कलराज मिश्रा के आवास पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन
Noida News : सत्यवती मिश्रा को श्रद्धांजलि देकर शोकाकुल परिवार से मिले, बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी दी पुष्पांजलि
नोएडा। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल पंडित कलराज मिश्रा की धर्मपत्नी सत्यवती मिश्रा के निधन पर सोमवार को उनके नोएडा स्थित आवास पर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने आवास पहुंचकर दिवंगत सत्यवती मिश्रा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
दोनों वरिष्ठ नेताओं ने पंडित कलराज मिश्रा और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
इस दौरान राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुग, पूर्व महामंत्री संगठन संजय जोशी, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, सांसद अतुल गर्ग, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री एवं गौतमबुद्ध नगर के प्रभारी मंत्री कुंवर ब्रजेश सिंह, एमएलसी मोहित बेनीवाल और पूर्व सांसद सत्यदेव पचौरी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सत्यवती मिश्रा के निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। नेताओं ने उनके सरल, सहज और स्नेहपूर्ण व्यक्तित्व को स्मरण करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि देने वालों में क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, एमएलसी विजय बहादुर पाठक, अमिता चौहान, पूर्व मंत्री वीरेंद्र तिवारी, नोएडा जिलाध्यक्ष महेश चौहान, गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिला महामंत्री अमित त्यागी, चंदगीराम यादव, योगेंद्र शर्मा, संजय बाली, अशोक मिश्रा, प्रमोद बहल, पंकज झा, रामकिशन यादव, नीरज चौधरी, सुशील शर्मा, दीनबंधु कुमार, अरुण चौहान, मुक्तानंद प्रधान और दुर्वेश तंवर समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

