Noida News : अस्पताल की ऑक्सीजन लाइन में दोबारा ब्लास्ट, लाइसेंस कैंसल कर स्वास्थ्य विभाग ने बिल्डिंग को किया सील

Nov 3, 2025 - 22:33
Noida News : अस्पताल की ऑक्सीजन लाइन में दोबारा ब्लास्ट, लाइसेंस कैंसल कर स्वास्थ्य विभाग ने बिल्डिंग को किया सील
अस्पताल की ऑक्सीजन लाइन में दोबारा ब्लास्ट, लाइसेंस कैंसल कर स्वास्थ्य विभाग ने बिल्डिंग को किया सील

Noida News : थाना फेस तीन क्षेत्र के सेक्टर 66 स्थित मार्क अस्पताल में करीब 15 घंटे बाद सोमवार शाम दोबारा आक्सीजन लाइन में ब्लास्ट हो गया। सूचना पर दौड़े स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने तुरंत मरीजों को कैलाश और पास के ओम अस्पताल में शिफ्ट कराया। सीएमओ के नेतृत्व में अधिकारियों ने प्रबंधन की लापरवाही मानकर अस्पताल का लाइसेंस निलंबित कर बिल्डिंग को सील कर दिया है। अधिकारियों ने प्रबंधन को आक्सीजन और फायर आडिट कराने के निर्देश दिए हैं।

Police Station Phase 3 Noida News : सेक्टर 66 में 49 बेड का तीन मंजिला मार्क अस्पताल बना हुआ है। रविवार दोपहर करीब 12:00 भूतल में आइसीयू कक्ष के पास फाल्स सीलिंग में शार्ट सर्किट हो गया था। इसके बाद आक्सीजन लाइन में भी लीकेज से लाइन ब्लास्ट हो गई। गनीमत रही कि घटना में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। सोमवार शाम दोबारा आक्सीजन लाइन में ब्लास्ट हो गया।

घटना की सूचना पर जनपद गौतम बुद्ध नगर के सीएमओ डा. नरेंद्र कुमार, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. चंदन सोनी, स्वास्थ्य विभाग में सलाहकार स्वेता खुराना समेत अन्य अधिकारी पहुंचे। उन्होंने कई मरीजों को पास के कैलाश अस्पताल और ओम अस्पताल में शिफ्ट कराया। इनमें एक मरीज आइसीयू में एडमिट है जबकि दो दिल्ली रेफ़र हो गए हैं। अन्य मरीजों की अधिकारी जानकारी कर रहे हैं।

उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ चंदन सोनी ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही को मानते हुए बिल्डिंग को सील कर लाइसेंस निलंबित कर दिया है। प्रबंधन को फायर और ऑक्सीजन का ऑडिट करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस उपायुक्त जोन द्वितीय शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि अगर इस मामले में किसी मरीज के परिजन कोई शिकायत करते हैं तो घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच करेगी। उन्होंने बताया कि इस घटना की जांच के लिए एक संयुक्त कमेटी बनाई गई है।