Noida News : आठ दिन बाद नोएडा में उद्योग धंधा पटरी पर, पूरे दिन रही शांति
Noida News : नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 मे आज आठ दिन बाद सुकून रहा। यहां बीते बृहस्पतिवार को कामगारों का प्रदर्शन शुरू हुआ था, जिसने सोमवार को उग्र रूप ले लिया था। शुक्रवार को दिनभर शांति बनी रही और करीब 60 से 70 फीसदी कामगार दोबारा फैक्ट्रियों में लौटकर काम पर आ गए, जिससे उद्योगपतियों ने राहत की सांस ली।श्रमिकों का प्रदर्शन पिछले बृहस्पतिवार से शुरू हुआ था, जिसने सोमवार को हिंसक रूप ले लिया था। इस बीच बीते आठ दिनों से उद्योगों में काम ठप रहा। प्रदर्शन की शुरुआत फेज-2 इलाके से शुरू हुई थी, जिसके बाद उसका असर फेज-1 और 3 में भी देखने को मिला था। प्रशासन ने हालात को नियंत्रित करने के लिए सख्त कदम उठाए। शुक्रवार को संवेदनशील इलाकों में पुलिस की चौबीसों घंटे गश्त जारी रही। वज्र वाहन और आरआरएफ (रैपिड रिस्पांस फोर्स) की तैनाती के साथ सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह कड़ी रखी गई। खुद जिले की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने मोर्चा संभाला और पूरे इलाके का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को औद्योगिक क्षेत्र में पूरी तरह से शांति रही।
लघु उद्योग भारती नोएडा इकाई अध्यक्ष अमित सिंघल का कहना है कि कामगारों के लौटने से उत्पादन धीरे-धीरे पटरी पर आ रहा है, हालांकि अभी भी पूरी क्षमता से काम शुरू होने में समय लगेगा। एनईए उपाध्यक्ष सुधीर श्रीवास्तव ने कहा कि यदि स्थिति इसी तरह स्थिति सामान्य बनी रहती है तो अगले कुछ दिनों में अधिकांश श्रमिक वापस लौट सकते हैं।

