Noida News : आर्किटेक्ट युवती के साथ पार्क में बारिश में नहाते समय हुई अश्लील हरकत के मामले में आरोपी गिरफ्तार

Aug 5, 2024 - 12:15
Noida News : आर्किटेक्ट युवती के साथ पार्क में बारिश में नहाते समय हुई अश्लील हरकत के मामले में आरोपी गिरफ्तार
Symbolic Image

Noida News : थाना सेक्टर 49 क्षेत्र के सेक्टर 48 के पार्क में बारिश के पानी में नहाते समय पेशे से आर्किटेक्ट युवती के साथ हुई अश्लील हरकत के मामले में पुलिस ने इस युवक को गिरफ्तार किया है।  गिरफ्तार किया गया युवक किसान यूनियन से जुड़ा हुआ है। युवक की गिरफ्तारी के बाद किसान यूनियन के और भाजपा के कई नेताओं ने थाने पर जाकर उसकी गिरफ्तारी का विरोध जताया। कुछ महिलाएं थाने में धरने पर बैठ गई हैं।

Noida News :

पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि  थाना सेक्टर 49 में शनिवार की रात को एक  युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह सेक्टर 48 के पार्क में 3 दिन पूर्व बारिश में नहाने गई थी, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने उसके साथ अश्लील हरकत की। युवती ने इस बाबत एक सोशल मीडिया पर वीडियो भी डाला था। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कर रही पुलिस ने युवती की सहायता से अज्ञात व्यक्ति का स्केच बनवाया। स्केच और सर्विलांस विधि के आधार पर पुलिस ने इस घटना में शामिल चमन चौहान निवासी बरौला गांव को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि उसे कोर्ट में पेश किया जा रहा है। उन्होने बताया की युवती ने आरोपी की पहचान भी की है।
गिरफ्तारी के विरोध में किसान नेताओं ने अधिकारियों से की मुलाकात,  महिलाएं दे रही है थाने पर धरना
 वहीं इस गिरफ्तारी के विरोध में किसान यूनियन के नेता सुधीर चौहान, सुरेंद्र चौहान, मानसिंह चौहान आदि के नेतृत्व में भारी संख्या में आज सुबह को थाने में पहुंचे। उन्होंने अपर पुलिस उपायुक्त मनीष मिश्र और सहायक पुलिस आयुक्त सुश्री शैव्या गोयल से मुलाकात कर आपत्ति दर्ज करवाई। किसान नेताओं का कहना है कि चमन की गिरफ्तारी गलत हुई है। वह निर्दोष है। उसके सपोर्ट में कुछ सीसीटीवी फुटेज भी किसान नेताओं ने पुलिस को उपलब्ध कराई है। अपर पुलिस उपायुक्त मनीष मिश्र ने उन्हें आश्वस्त किया कि इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद ही किसान नेता थाने से गए। चमन की गिरफ्तारी को लेकर कुछ महिलाओं ने थाने के गेट पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। खबर लिखे जाने तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी है।