Noida News : अमेरिकी स्टॉक एक्सचेंज में निवेश कराने के नाम पर युवक से 69.78 लाख की ठगी

Jul 15, 2024 - 08:48
Noida News : अमेरिकी स्टॉक एक्सचेंज में निवेश कराने के नाम पर युवक से 69.78 लाख की ठगी
Symbolic image

Noida News : अमेरिकी स्टॉक एक्सचेंज और आईपीओ में निवेश कराने के नाम पर झांसा देकर साइबर ठगो ने एक युवक से 69.78 लाख रुपये ठगी कर ली। ठगो ने व्हाट्सएप ग्रुप से पीड़ित को जोड़कर वारदात अंजाम दिया। पीड़ित को जब ठगी का अहसास हुआ तो उसने पुलिस से शिकायत की। इस मामले में साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज किया गया है।

Noida News : 

साइबर क्राइम थाने के प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार गौतम ने बताया कि सेक्टर-137 निवासी शलभ त्रिपाठी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि कुछ समय पहले उनके पास एक व्हाट्सएप मैसेज आया। इसमें ऑनलाइन ट्रेडिंग कर मोटा मुनाफा कमाने की बात कही गई थी। इसके बाद उन्हें एक ग्रुप में जोड़ दिया गया। ग्रुप मे पहले से ही 100 से अधिक लोग थे। ग्रुप एडमिन ने उनसे संपर्क किया और अमेरिकी स्टॉक मार्केट व आईपीओ में निवेश कर लाखों कमाने का झांसा दिया। इस दौरान आरोपी ने बातचीत के दौरान एक गूगल लिंक भेजा। इसके जरिये उन्होंने एक ट्रेडिंग ऐप को डाउनलोड किया। उन्होंने पहले छोटी रकम में निवेश किया तो काफी फायदा हुआ। आरोपियों ने उनसे अगले टास्क में कई कंपनियों के आईपीओ में निवेश करने के लिए कहा। झांसे में आकर उन्होंने कई नामी कंपनियों के आईपीओ में निवेश किया। शेयर बाजार को लेकर जालसाज ऑनलाइन लेक्चर भी देते थे। करीना देसाई उन्हें कंपनी और शेयर बाजार से जुड़ी जानकारी देती थी। उन्होंने जिन कंपनियों में निवेश किया था, जालसाजों ने उनके दस्तावेज भी उपलब्ध कराए। इससे वे लगातार जालसाजों के कहने पर निवेश करते गए। इस दौरान उन्होंने 69,78,500 रुपये का निवेश कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें व्हाट्सऐप ग्रुप से बाहर कर मोबाइल नंबर बंद कर दिया।