Noida News : नहर में डूब कर महिला की हुई मौत के मामले में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज
Noida News : थाना दनकौर क्षेत्र के भट्ठा गांव के पास नहर में थार जीप गिरने से डूबकर हुई महिला की मौत के मामले में उसके परिजनों ने महिला के पति और सास, ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना दनकौर के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम भट्टा के रहने वाला मोहित अपनी पत्नी रीना के साथ सोमवार सुबह को मथुरा से दनकौर आ रहा था। भट्ठा गांव के पास उसकी थार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। इस घटना में नहर के पानी में डूबने से श्रीमती रीना की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस मामले में रीना के मायके वालों ने सोमवार की रात को थाना दनकौर में दहेज हत्या का रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि रीना के पति मोहित और उसके सास, ससुर ने दहेज के लिए उसकी हत्या की है। उनका आरोप है कि शादी के समय से ही मृतका के ससुराल वाले दहेज के अतिरिक्त मांग कर रहे थे। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

