Noida News : गौतमबुद्व नगर की लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए 89 लाख का एमओयू साइन

May 23, 2025 - 15:44
Noida News : गौतमबुद्व नगर की लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए 89 लाख का एमओयू साइन

Noida News : सर्वाइकल कैंसर जैसी घातक बीमारी से लड़कियों को बचाने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट में जिला प्रशासन व भारत सरकार टकसाल नोएडा के मध्य 89 लाख रुपए का एमओयू साइन किया गया। एमओयू के तहत जनपद गौतमबुद्व नगर की 9 से 20 साल की 25 सौ लड़कियों का जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के सुपरविजन में वैक्सीनेशन किया जाएगा।

जनपद गौतमबुद्व नगर के डीएम मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि भारत सरकार टकसाल नोएडा द्वारा जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सुपरविजन में 9 से 20 वर्ष तक की लड़कियों का दो चरणों में वैक्सीनेशन किया जाएगा। पहले वैक्सीनेशन के बाद दूसरी वैक्सीन 6 महीने के बाद लगाई जाएगी। 

उन्होंने बताया कि आज जो एमओयू भारत सरकार टकसाल नोएडा के मध्य हुआ है, इसके तहत जनपद की 9 से 20 वर्ष तक की 25 सौ लड़कियों का वैक्सीनेशन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वैक्सीनेशन के लिए अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे को नोडल अधिकारी तथा जिला रोजगार सहायता अधिकारी मनीषा अत्री को सहायक मॉडल अधिकारी बनाया गया है।

एमओयू साइन के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, जिला रोजगार सहायक अधिकारी मनीषा अत्री, समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, भारत सरकार टकसाल नोएडा के मुख्य महाप्रबंधक डीपी तिवारी, जॉइंट जनरल मैनेजर प्रकाश कुमार, अनिला अग्रवाल व डिप्टी जनरल मैनेजर रेनू बसीन, हेमा सहित अन्य उपस्थित रहें।