Noida News : संयुक्त किसान मोर्चा की ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर 25 नवंबर को होगी महापंचायत, तैयारी में जुटे किसान संगठन

25 नवंबर को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर संयुक्त किसान मोर्चा की होने वाली महापंचायत की तैयारियों को लेकर रविवार को पाली गांव में किसान संगठनों की पंचायत हुई। पंचायत की अध्यक्षता बाबा संत राम ने तथा संचालन प्रशांत ने किया। पंचायत में 10 फीसदी प्लाट एवं नए कानून के मुद्दे पर गहराई से विचार-विमर्श हुआ। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से पीड़ित सैंकडों किसानों ने महापंचायत में शामिल होने की बात कही।
किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नागर ने कहा कि किसान सभा अन्य सभी संगठनों के साथ मिलकर संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर पर 10 फीसदी प्लाट एवं नए कानून की लड़ाई को पार करके ही दम लेगी।
बता दें कि जनपद गौतमबुद्व नगर में अलग-अलग गुटों में रहकर किसानों के पक्ष में आंदोलन करने लगभग 10 किसान संगठनों ने एक मंच पर एकत्र होकर संयुक्त किसान मोर्चा का गठन किया है। संयुक्त किसान मोर्चा में भारतीय किसान परिषद, अखिल भारतीय किसान सभा, जय जवान जय किसान मोर्चा, किसान एकता संघ, भारतीय किसान यूनियन टिकैत, किसान यूनियन महात्मा, कृषक शक्ति सिस्टम सुधार संगठन, किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा सहित अन्य संगठन शामिल है। इन किसान संगठनों को अब यह बात समझ में आ गई है कि एकजुट होने से ही किसानों की समस्याओं का समाधान हो सकता है। संयुक्त किसान मोर्चा में शामिल किसान नेताओं का कहना है कि नव गठित इस मोर्चा में जिले के अन्य किसान संगठनों ने भी शामिल होने के लिए संपर्क साधा है।