Noida News : देशव्यापी औद्योगिक हड़ताल की तैयारियों में जुटा मजदूर संगठन

Noida News : आगामी 9 जुलाई को होने वाली देशव्यापी औद्योगिक हड़ताल की तैयारियों को लेकर आज गौतमबुद्ध नगर के मजदूर संगठनों की एक बैठक सेक्टर-3 में हुई। बैठक में हड़ताल को सफल बनाने के लिए श्रमिकों के बीच व्यापक अभियान चलाने की योजना तय की गई। इसके लिए विभिन्न श्रमिक संगठनों को जिम्मेदारिया भी सौंपी गई।
मजदूरों के अधिकार और 4 श्रम संहिताओं (लेबर कोड्स) को अविलंब रद्द करने की मांग को लेकर केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और स्वतंत्र क्षेत्रीय राष्ट्रीय फेडरेशनों व एसोसिएशनों के संयुक्त मंच के आह्वान पर 9 जुलाई 2025 को होने वाली देशव्यापी आम हड़ताल को गौतमबुद्ध नगर में सफल बनाने के लिए मजदूर संगठनों के नेताओं की बैठक सेक्टर-3 नोएडा में हुई।
बैठक में हड़ताल को सफल बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाने की योजना तय की गई। बैठक में इंटक नेता संतोष तिवारी, योगेंद्र चौहान, सीटू नेता गंगेश्वर दत्त शर्मा, रामसागर, रामस्वारथ, टीयूसीआई नेता उदय चंद्र झा, एक्टू नेता अमर सिंह, प्रेम त्यागी, हिंद मजदूर सभा के नेता रितेश झा, एटक नेता मोहम्मद नईम, यूपीएलएफ नेता राम नरेश यादव व ललित शर्मा, यूटीयूसी नेता नूर आलम, पश्चिम निर्माण मोर्चा उत्तर प्रदेश नेता ललित श्वास पश्चिम प्रदेश निर्माण मोर्चा, श्रमिक प्रतिनिधि अविनाश कुमार पचैरी आदि संगठनों के नेताओं ने भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि योगी सरकार ने अपने 8-9 साल के कार्यकाल में एक बार भी मजदूरों के वेतन में बढ़ोतरी नहीं किया है।
जबकि महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। आज प्रदेश में मजदूरों का न्यूनतम वेतन 11 हजार रुपए से भी कम है। इतने कम वेतन में मजदूर कैसे जिंदा रह पाएगा। यह बात प्रदेश सरकार की समझ में क्यों नहीं आ रही है? योगी सरकार के शासनकाल में श्रम कानून के उल्लंघन के मामले बढ़ने से मजदूरों का उत्पीड़न-शोषण शीर्ष स्तर पर है।
बैठक में मजदूर संगठनों के नेताओं ने कहा कि योगी सरकार के राज्य में पुलिस प्रशासन की निरंकुशता बढ़ी है। प्रदेश के कामगारों के पक्ष में आज तक कोई ऐसा काम नहीं किया जिसे सरकार अपनी उपलब्धियां के रूप में गिना सके। सबका साथ, सबका विकास का नारा खोखला है।
मजदूर नेताओं ने कहा कि सरकार जिस दिन मजदूर विरोधी लेबर कोड़ों को लागू करेगी उसके अगले दिन से व्यापक स्तर पर मजदूर संगठन जबरदस्त तरीके से विरोध प्रदर्शन शुरू कर देंगे। साथ ही उन्होंने जनपद के मेहनतकशों से 9 जुलाई को होने वाली देशव्यापी हड़ताल को जनपद में सफल बनाने की अपील किया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि 23 जून को बीएचईएल कंपनी सेक्टर-16 नोएडा पर होने वाली महापंचायत में सभी संगठनों के पदाधिकारी हिस्सा लेकर नौकरी से निकाले गए कर्मचारियों का पूर्ण रूप से समर्थन करें।