Greater Noida News : थाना रबूपुरा में एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसके ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग पूरी ना होने पर उसके साथ मारपीट कर उसका उत्पीड़न कर रहे हैं। पीड़िता के अनुसार उसका पति कथा वाचक है तथा वह महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर उनका यौन शोषण करता है।
Greater Noida News :
थाना रबूपुरा के प्रभारी निरीक्षक राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात को श्रीमती मधु प्रिया ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी शादी भाई पूरा गांव के रहने वाले धर्मेंद्र वत्स के साथ 23 अप्रैल वर्ष 2024 को हुई थी। पीड़िता के अनुसार उसके पिता ने बड़ी धूमधाम से उसकी शादी की। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद उसके ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए उसका उत्पीड़न करने लगे, तथा 2 अगस्त 2024 उसके साथ मारपीट की और धमकी दी की 10 लाख रुपए दहेज में लाओ नहीं तो तुझे हम छोड़ देंगे। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद उसे पता चला कि उसके पति के कई अन्य महिलाओं के साथ शारीरिक संबंध है। उसका पति कथा वाचक है, वह महिलाओं को अपने जाल में फंसता है, और उनका यौन शोषण करता है। महिला के अनुसार जब उसने अपने पति के इस कृत्य को उजागर करना चाहा तो उन्होंने धमकी दी कि वह एक बहुत बड़ा कथा वाचक है। यूट्यूब पर उसके बहुत फॉलोअर हैं। अगर उसने ऐसा किया तो वह उसकी हत्या करवा देगा। महिला के अनुसार 26 नवंबर 2024 को उसे घर से बाहर निकाल कर उसका पति घर में ताला लगाकर चला गया। वह पूरी रात घर के गेट पर बैठी रही लेकिन उसका पति नहीं आया। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।