Greater Noida News : लहूलुहान अवस्था में मिले दो युवक, एक ही मौत, हत्या की आशंका
Greater Noida News : थाना बादलपुर क्षेत्र के गांव कुड़ी खेड़ा के पास बाइक सवार दो युवक घायल अवस्था में सड़क पर गिरे हुए मिले। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर एक की मौत हो गई है। एक की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस को आशंका है कि दोनों युवक मदिरा पीकर बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, उनकी बाइक खेत की बांऊन्ड्री के लिए लगाए गए सीमेंट की पोल से टकरा गई, जिसकी वजह से यह घटना हुई। वहीं परिवार के लोगों का कहना है कि दोनों युवकों को कुछ लोगों ने पीटा है, जिसकी वजह से उनकी मौत हुई है। पुलिस दोनों बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
Police Station Badalpur Greater Noida News : पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी विजय गौतम ने बताया कि 18 जनवरी को थाना बादलपुर पुलिस को सूचना मिली कि दो व्यक्ति कृष्ण पुत्र समर सिंह तथा सुंदर पुत्र भोरन सिंह निवासी ग्राम कुड़ी खेड़ा को घायल अवस्था में उनके परिजनों द्वारा एक अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया। वहां पर उपचार के दौरान कृष्ण पुत्र अमर सिंह की मृत्यु हो गई। जबकि सुंदर की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्होंने बताया कि घटना की जांच करने पर खेत में स्थित ट्यूबवेल पर शराब की बोतल व ग्लास आदि मिला है। मृतक की मोटरसाइकिल खेत की मेड के लिए लगाए गए सीमेंट के खंभे से टकराई अवस्था में मिली है। उन्होंने बताया कि पुलिस को आशंका है कि मदिरा के नशे में युवकों की बाइक सीमेंट के खंभे से टकरा गई। उन्होंने बताया कि एक्सीडेंट और अन्य बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि शव को पंचायत नामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं आसपास के लोगों का कहना है कि दोनों युवकों की कुछ लोगों ने जमकर पिटाई की। जिसकी वजह से यह हत्या हुई है। अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

