Ghaziabad News : पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म कर हत्या करने के आरोपी को आजीवन कारावास

Jan 17, 2026 - 23:03
Ghaziabad News : पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म कर हत्या करने के आरोपी को आजीवन कारावास
Symbolic Image

Ghaziabad News : पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या करने के दोषी को आज गाजियाबाद की अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही अभियुक्त पर एक लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माने के रूप में प्राप्त होने वाली राशि में से एक लाख रुपये मृतका के पिता को देने के आदेश दिए हैं। विशेष लोक अभियोजक हरीश कुमार ने बताया कि 8 अप्रैल 2019 को पीड़ित परिवार की ओर से मुरादनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट के अनुसार 7 अप्रैल 2019 को पांच वर्षीय बच्ची घर से लापता हो गई थी। परिजनों और स्थानीय लोगों ने तलाश की और मस्जिद से एलान भी कराया, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा।

अगले दिन बच्ची का शव खेत में बरामद हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की पुष्टि हुई थी। पुलिस विवेचना के दौरान क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच में पड़ोस में रहने वाला महाजन बच्ची का हाथ पकड़कर उसे ले जाते हुए कैमरे में कैद मिला। इसी आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। मामले की सुनवाई अपर सत्र न्यायाधीश (विशेष पॉक्सो एक्ट) कोर्ट के न्यायाधीश नीरज गौतम की अदालत में चली। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से पेश साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर शुक्रवार को अदालत ने आरोपी को दोषी करार दिया गया था, जिसके बाद शनिवार को सजा के प्रश्न पर सुनवाई करते हुए अभियुक्त को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही अभियुक्त पर एक लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।