Greater Noida News : नौकर बना हैवान: मुर्गा फार्म के मालिक की लोहे के पाइप से पीटकर हत्या
Greater Noida News : थाना जारचा क्षेत्र के खटाना गांव के एक मुर्गा फार्म हाउस मे काम करने वाले नौकर ने मालिक से हुए विवाद में उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने नौकर को हिरासत में ले लिया है।
Police Station Jarcha Greater Noida News : पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि शनिवार सुबह को थाना जारचा पुलिस को सूचना मिली कि खटाना गांव में स्थित मुर्गा फार्म हाउस के मालिक प्रशांत सिंह उम्र 33 वर्ष को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा सिर में चोट मार कर हत्या कर दी गई है। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर थाना जारचा पुलिस मौके पर पहुंची। वहां पर फिल्ड यूनिट को बुलाया गया। घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच की गई। जांच में पाया गया कि मृतक प्रशांत सिंह एवं उनके नौकर यशवीर पुत्र तेजपाल निवासी ग्राम टोली थाना जहांगीराबाद बुलंदशहर के मध्य किसी बात को लेकर शुक्रवार की रात को गाली गलौज हुई थी। इसी विवाद के चलते यशवीर द्वारा लोहे की पाइप से मृतक के सिर पर प्रहार किया गया। जिससे उनकी मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि थाना जारचा पुलिस ने आरोपी यशवीर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि मृतक के भाई प्रभात ने इस मामले में यशवीर और वहां काम करने वाले एक अन्य नौकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ में यशवीर ने बताया है कि उसका मालिक शराब पीकर उसे रोज पीटता था। शुक्रवार की रात को भी उसने पीटा। जब उसका मालिक सोने चला गया तो उसने देर रात को उसके ऊपर लोहे के पाइप से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी ने मृतक का मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त लोहे के पाइप को खेत में छुपा दिया था। पुलिस ने उसे भी बरामद कर लिया है।
वही यह खबर जैसे ही गांव में फैली, आक्रोशित ग्रामीण शनिवार को सड़कों पर उतर आए और खटाना पुल पर जाम लगा दिया। माहौल तनावपूर्ण हो गया, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और जल्द खुलासे का भरोसा दिलाकर लोगों को शांत कराया। फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी नौकर यशपाल को हिरासत में लेकर हत्या में इस्तेमाल लोहे का पाइप बरामद कर लिया है, जबकि एक अन्य नौकर से भी पूछताछ जारी है।

