Noida News : जेवर एयरपोर्ट से मजबूत होगा कार्गो इकोसिस्टम

Mar 28, 2026 - 15:05
Noida News : जेवर एयरपोर्ट से  मजबूत होगा कार्गो इकोसिस्टम

Noida News : नोएडा एयरपोर्ट हमारे देश की प्रमुख ग्रीनफील्ड परियोजनाओं में से एक है। यात्री सेवाओं के अलावा, यहां एक मजबूत कार्गो इकोसिस्टम भी होगा, जिससे लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को काफी मजबूती मिलेगी। यह एयरपोर्ट भारत को ग्लोबल एविएशन हब बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह उत्तर प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयां प्रदान करेगा।'

यमुना विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र भटियां ने बताया कि पहले चरण को लगभग 11,200 करोड़ रुपये की लागत से सरकार और प्राइवेट कंपनी ने मिलकर (पीपीपी मॉडल) तैयार किया है। शुरुआत में यह एयरपोर्ट सालाना 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा, जिसे भविष्य में 7 करोड़ तक बढ़ाया जा सकता है। यह एयरपोर्ट सड़क, रेल और मेट्रो से सीधे जुड़ा होगा, जिससे दिल्ली-एनसीआर, आगरा और मथुरा जैसे शहरों के यात्रियों को फायदा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद दिल्ली एनसीआर के लोगों को इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अलावा एक अन्य विकल्प मिलेगा। इससे इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दबाव कम होगा। यात्रियों को नोएडा- ग्रेटर नोएडा से पालम आने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सुबह करीब 11:30 बजे गौतम बुद्ध नगर के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग का मुआयना किए। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे नोएडा एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन किया और वहां मौजूद लोगों को संबोधित किया।

उन्होने बताया कि उड़ान अप्रैल से शुरू होने की संभावना है। देश के 60 से 65 प्रमुख शहरों के लिए नोएडा एयरपोर्ट से विमानों की उड़ान होगी। एयरपोर्ट का रनवे 3900 मीटर लंबा है। रनवे पर बड़े जहाज भी लैंडिंग कर सकते हैं। यहां कार्गो (सामान लाने-ले जाने) की भी सुविधा है।