Greater Noida News : ई- बसों के चार्जिंग के लिए नया स्टेशन शुरू

Aug 6, 2026 - 13:29
Greater Noida News : ई- बसों के चार्जिंग के लिए नया स्टेशन शुरू
Symbolic Image

Greater Noida News : नोएडा में इलेक्ट्रिक बस सेवा को तेज और आसान बनाने के लिए आज से कासना बस स्टैंड पर ई-बसों के लिए चार्जिंग सुविधा शुरू हो गई।

ग्रेनो प्राधिकरण ने यहां चार्जिंग स्टेशन के निर्माण और ट्रायल का काम पूरा कर लिया है। अब तक ई-बसों को चार्ज करने के लिए नोएडा व गाजियाबाद के मोहन नगर डिपो तक जाना पड़ता था, जिसकी वजह से बीच रूट में बसें कम हो जाती थीं और यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ता था।

कासना को ई-बस रूट का प्रमुख हब बनाने की योजना के तहत यह स्टेशन विशेष रूप से तैयार किया गया है। ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि रूट के बीच में ही चार्जिंग की सुविधा मिलने से बसों का संचालन सुचारू होगा और समय की बचत होगी।

अधिकारियों के अनुसार नए स्टेशन पर अत्याधुनिक तेज चार्जिंग तकनीक लगाई गई है। एक ई-बस करीब 45 से 60 मिनट में 80 फीसदी तक चार्ज हो सकेगी। इससे बसें कम समय में दोबारा सवारी को लेकर अपने गंतव्य तक आसानी से जा पाएंगी। 

ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि चार्जिंग प्वाइंट शुरू होने से बसों की उपलब्धता बढ़ेगी और दिनभर में फेरों की संख्या में इजाफा होगा। खासकर सुबह और शाम के पीक आवर में ज्यादा बसें चलने से स्टैंड और बसों में भीड़ कम होगी। यात्रियों को कम इंतजार करना पड़ेगा। ग्रेटर नोएडा के अंदरूनी और नोएडा को जोड़ने वाले ई-बस रूटों की फ्रीक्वेंसी भी बेहतर होगी। ग्रेनो डिपो में बसों के चार्जिंग स्टेशन शुरू होने से यात्रियों की सुविधाओं में भी इजाफा होगा। बाटनिकल गार्डन से परीचौक की तरफ आने वाली बसें अब विभिन्न सेक्टरों से होकर चलेंगी।