Greater Noida News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट यमुना फिल्म सिटी मे वर्ष 2027 से शूटिंग शुरू हो जाएगी। आगामी मार्च माह में इसका शिलान्यास होने की चर्चा है। यमुना विकास प्राधिकरण ने निर्माता कंपनी को कल जमीन पर कब्जा दे दिया। जमीन पर कब्जा लेने के लिए प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता और निर्माता बोनी कपूर यमुना विकास प्राधिकरण के ऑफिस में बृहस्पतिवार को पहुंचे। फिल्म सिटी का निर्माण बेब्यू प्रोजेक्ट्स और भूटानी ग्रुप मिलकर कर रहे हैं। कब्जा पत्र लेने के दौरान बोनी कपूर के साथ भूटानी ग्रुप के सीईओ आशीष भूटानी मौजूद रहे।
मार्च में शिलान्यास होने की संभावना
Greater Noida News :
इस अवसर पर बोनी कपूर ने कहा कि यमुना सिटी की फिल्म सिटी विश्व की सबसे बेहतरीन फिल्म सिटी होगी। निर्माण से पहले देश और विदेश की अन्य फिल्म सिटी को परखा गया है। वहां की अच्छी-अच्छी चीजों के साथ अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी तैयार की जाएगी। यहां पर फिल्म इंस्टीट्यूट बनाया जाएगा, फिल्म निर्माताओ को केवल अभिनेता व एचओडी लेकर आने होंगे। बाकी सहयोगी कलाकार यहीं पर मिलेंगे। इससे उनके खर्च कम होंगे। फिल्म निर्माण में 50 फीसदी तक की कमी आएगी। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने बताया कि यहां पर फिल्म विलेज भी होगा। इसके साथ स्टूडियो, माल, दुकाने, कमर्शियल कंपलेक्स भी विकसित किए जाएंगे। एक जगह पर रिटेल आउटलेट, फूड कोर्ट, होटल, गेस्ट हाउस जैसी सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा की फिल्म सिटी के पूर्ण निर्माण में 8 साल का समय लगेगा, लेकिन 3 वर्ष में फिल्म की शूटिंग यहां पर शुरू कर दी जाएगी।
यमुना विकास प्राधिकरण ने निर्माता कंपनी को दिया जमीन पर कब्जा
बोनी कपूर ने कहा कि यहां पर हिंदी, पंजाबी, तमिल, तेलुगू, भोजपुरी,अग्रेजी समेत 300 से ज्यादा फिल्मों की शूटिंग प्रति वर्ष करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि मुंबई फिल्म सिटी में काफी चीजे गलत है। उनको यमुना सिटी की फिल्म सिटी से दूर रखा जाएगा। उन्होंने कहा की फिल्म सिटी को इस प्रकार से विकसित किया जाएगा कि किसी भी प्रकार की लोकेशन के लिए कलाकार को किसी देश में जाने की जरूरत ना पड़े। फिल्म सिटी में पानी के जहाज या अंडरवाटर फिल्मों की शूटिंग के लिए टैंक और बड़ा पुल बनाया जाएगा, जिसमें तरह-तरह की सुविधा होगी। टैंक के जरिए बारिश के विजुअल व पुल के जरिए समुद्र जैसी लोकेशन का लुफ्त उठाया जा सकेगा। इससे फिल्म शूटिंग में खर्च भी काम आएगा। उन्होंने कहा की फिल्म सिटी के निर्माण में 1510 करोड रुपए खर्च होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में फिल्म निर्माण की सुविधा विकसित की जाएगी। दूसरे चरण में इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा, जबकि आखिर में व्यावसायिक गतिविधियां विकसित की जाएगी।
बोनी कपूर और अशीष भूटानी पहुंचे
जमीन पर कब्जा लेने के दौरान अधिग्रहण से प्रभावित किसानों से भी बोनी कपूर व भूटानी ग्रुप के सीईओ ने बातचीत की, तथा उनकी समस्याओं को सुना। बोनी कपूर ने बताया की फिल्म सिटी में संसद की तरह स्टूडियो में ऊपर की तरफ गैलरी बनाई जाएगी, जो साउंड प्रूफ होगी। लोग वहां से शूटिंग देख सकेंगे। उनकी आवाज से कलाकार भी प्रभावित नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि उनकी कंपनी 7 फिल्मों पर काम कर रही है, जिनकी शूटिंग आने वाले कुछ साल में शुरू होनी है। उन्होंने कहा की उम्मीद है कि वह सबसे पहले अपनी फिल्म की शूटिंग यहां से शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि यूपी से जुड़े मुद्दों पर भी वह फिल्म की शूटिंग करेंगे लेकिन इसकी घोषणा समय आने पर की जाएगी। उन्होंने कहा की फिल्म सिटी में होटल बनेंगे लेकिन कलाकार और अभिनेताओं के रुकने के अलग-अलग व्यवस्था होगी। उनके लिए गेस्ट हाउस के साथ विला बनाए जाएंगे, ताकि आम जनता से उनको अलग रखा जा सके। उन्होंने कहा की फिल्म सिटी में डिज्नीलैंड, एम्यूजमेंट पार्क व फिल्म विश्वविद्यालय के अलावा 5 से 7 सितारा होटल बनाए जाएंगे।
यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉक्टर अरुण वीर सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को सेक्टर 21 में अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी के निर्माता कंपनी को जमीन पर कब्जा दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माता बोनी कपूर को कब्जा पर पत्र दिया गया है। सेक्टर 21 में भौतिक कब्जा भी दिया गया है। उन्होंने कहा की फिल्म निर्माता ने उन्हें आश्वस्त किया है कि मार्च के आखिरी या अप्रैल के पहले सप्ताह में फिल्म सिटी का शिलान्यास होगा। इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी समय मांगा गया है। उन्होंने कहा कि शिलान्यास होने के 3 साल के अंदर फिल्म की शूटिंग शुरू हो जाएगी।