Greater Noida News : पत्नी की खुदकुशी के तीन दिन बाद पति ने की आत्महत्या, ससुराल पक्ष के लोगों पर लगाया गंभीर आरोप
Greater Noida News : थाना सूरजपुर क्षेत्र के कस्बा निवासी ऑटो चालक ने सोमवार को पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली है। पुलिस को उसके कमरे से एक सुसाइड नोट मिला। पुलिस का दावा है कि तीन दिन पहले नॉलेज पार्क स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल की तीसरी मंजिल से कूद कर ऑटो चालक की पत्नी ने खुदकुशी की थी। उसकी पत्नी की परिजन उसपर गंभीर आरोप लगा रहे थे। इसके बाद से वह परेशान था।
पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि मूलरूप से जनपद मेरठ के बाफर गांव का रहने वाला 21 वर्षीय सौरभ चौधरी सूरजपुर स्थिति एक कॉलोनी में अपनी मां के साथ रहता था। सौरभ ने सोमवार को अपने कमरे में पंखे से लटककर खुदकुशी कर ली। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस को सौरभ के कमरे से एक सुसाइड नोट मिला। पुलिस का दावा है कि उसने सुसाइड नोट में लिखा है कि पत्नी की मौत के बाद से वह परेशान था। पत्नी के परिजन उस पर झूठा आरोप लगा रहे थे। इससे परेशान होकर वह अपनी जान दे रहा है।
उनके मुताबिक सौरभ की पत्नी पारुल ने तीन दिन पहले नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र मे स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल की तीसरी मंजिल से कूदकर खुदकुशी कर ली थी। इस मामले में पारुल के पिता ने पुलिस से शिकायत की थी। परिजनों ने पति और सास पर बेटी की दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया था। आरोप लगाया कि उनकी बेटी परेशान किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही थी।
उन्होंने बताया कि पुलिस को सौरभ के कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है। सौरभ ने सुसाइड नोट में मां का फोटो बनाकर लिखा है कि मां मुझे माफ कर देना। बताया जा रहा है कि सुसाइड नोट में सौरभ ने पत्नी के परिजनों का भी जिक्र किया है, जिसमें उसने परेशान करने का आरोप लगाया। सोशल मीडिया पर सोमवार को यह बात वायरल हुई कि वह पुलिस हिरासत से भाग कर अपने घर गया था और आत्महत्या कर लिया। इस मामले में अपर पुलिस उपायुक्त जोन तृतीय संतोष कुमार ने बताया कि सौरभ को हिरासत में नहीं लिया गया था। ऐसे में उसके पुलिस हिरासत से भागने का बात पूरी तरह निराधार है।

