Greater Noida News : हत्या के मामले में वांछित 25 हजार रुपए का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

Mar 20, 2025 - 10:23
Greater Noida News : हत्या के मामले में वांछित 25 हजार रुपए का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
Ecotech 3 Police station Greater Noida
Greater Noida News : थाना ईकोटेक- 3 पुलिस ने बीती रात को 25 हजार रुपए  के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली इसके पैर में लगी है। यह बदमाश हत्या के मामले में फरार चल रहा था।
Greater Noida News :
 पुलिस उपायुक्त जोन द्वितीय शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि थाना ईकोटेक -तीन पुलिस को आज सुबह को मुखबिर से सूचना मिली कि  हत्या के मामले में वांछित एक बदमाश ककराला पुस्ता के पास आया हुआ है। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर अभियुक्त की तलाश शुरू की। उन्होंने बताया कि हत्या के मामले में वांछित बदमाश पुलिस को आता हुआ देखकर पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाने लगा। वह अक्षरधाम कॉलोनी ककराला पुस्ता की तरफ भागने लगा। उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली अभियुक्त राजेश उर्फ मुकेश पुत्र रामजीलाल निवासी  जनपद बुलंदशहर के पैर में लगी है।
 उन्होंने बताया कि उक्त बदमाश ने 8 दिसंबर वर्ष 2024 को अपने साथी ईश्वर चंद्र के साथ मिलकर कुलेसरा गांव के पास सुखराम पुत्र गुरदयाल नामक व्यक्ति की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी थी। उन्होंने बताया कि तभी से यह बदमाश फरार चल रहा था। इसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। उन्होंने बताया कि उक्त बदमाश के पास से पुलिस ने एक देसी तमंचा और कारतूस बरामद किया है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।