Greater Noida News : थाना बिसरख क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Greater Noida News :
थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात को मनीष कुमार निवासी जनपद बिजनौर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह मौजूदा समय में इटैहड़ा गांव थाना बिसरख क्षेत्र में रहते हैं। पीड़ित के अनुसार वह तथा उनका दोस्त करण कुमार एक साथ रहते हैं। पीड़ित के अनुसार 28 मार्च को दोनों काम करके रात 9:30 बजे करीब पैदल जा रहे थे, तभी आम्रपाली लेजर वैली सोसायटी के पास एक अज्ञात कार चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए पीछे से उन्हें टक्कर मार दिया। इस घटना में करण को गंभीर चोट आई। उसे उपचार के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विभिन्न सड़क हादसों में दो की मौत
विभिन्न जगहों पर हुए विभिन्न सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई है। पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में रामकुमार शर्मा पुत्र रामकिशन शर्मा मूल निवासी जनपद अलीगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि थाना सूरजपुर क्षेत्र में हुए एक अन्य सड़क हादसे में राज सिंह पुत्र सहीराम उम्र 35 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया था जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।