Greater Noida News : शाहबेरी मार्केट में लकड़ी की दुकान में लगी भयंकर आग, दम घुटने से एक मजदूर की मौत, दूसरे की हालत नाजुक
Noida News : थाना बिसरख क्षेत्र के शाहबेरी गांव मे स्थित फर्नीचर मार्केट में आज तड़के भयंकर आग लग गई। इस आग में दुकान में मौजूद दो लोग फंस गए। उन्हें रेस्क्यू करके मूर्छित अवस्था में बाहर निकाला गया। उपचार के दौरान एक ही मौत हो गई, जबकि एक की हालत नाजुक बनी हुई है। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।
CFO Noida : मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि थाना बिसरख क्षेत्र के शाहबेरी गांव में सीएनसी से लकड़ी की कटिंग करने वाली एक दुकान में 14 अगस्त तड़के अज्ञात कारण से भयंकर आग लग गई। आग की सूचना पाकर मौके पर दमकल विभाग की 6 गाड़ियां पहुंची। उन्होंने बताया कि आग पर एक गाड़ी ने ही नियंत्रण पा लिया। सूचना मिली की दुकान में कुछ मजदूर फंसे हुए हैं। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू के दौरान दुकान के अंदर फंसे दो मजदूरों को बाहर निकाला गया। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपचार के दौरान एक मजदूर अल्तमश को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि दुसरे मजदूर अमन की गंभीर हालत देखते हुए उसे उपचार के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर किया गया है।
उन्होंने बताया की आशंका है कि आग के चलते धुएं से दम घुटने की वजह से उक्त व्यक्ति की मृत्यु हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस विधिक कार्रवाई कर रही है। इस घटना के चलते शाहबेरी मार्केट में अफरा- तफरी का माहौल रहा। शाहबेरी गांव के पास नियमों का उल्लंघन करते हुए बनी फर्नीचर मार्केट में इससे पूर्व भी कई बार भयंकर आग लग चुकी है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की बार-बार चेतावनी के बावजूद भी वहां पर अवैध मार्केट लगातार चल रही है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहा है। इस मार्केट के चलते यहां पर आए दिन जाम की समस्या भी बनी रहती है।

