Greater Noida News : एक तरफा प्रेम में कॉल सेंटर कर्मी की फल विक्रेता ने की थी हत्या, पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार

Jan 13, 2026 - 22:16
Greater Noida News : एक तरफा प्रेम में कॉल सेंटर कर्मी की फल विक्रेता ने की थी हत्या, पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार
एक तरफा प्रेम में कॉल सेंटर कर्मी की फल विक्रेता ने की थी हत्या, पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार

Greater Noida News : थाना बीटा-2 क पुलिस ने कॉल सेंटर में काम करने वाली 25 वर्षीय युवती दीपमाला की निर्मम हत्या का 30 घंटे के भीतर पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान आरोपी को आज शाम को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली उसके पैर में लगी है। यह महज एक हत्या नहीं थी, बल्कि एकतरफा प्रेम में पनपी सनक, जिसने इंसानियत की सारी हदें पार कर दीं । आरोपी की पहचान अंकित कुमार निवासी गांव जैत वैशपुर सूरजपुर के रूप में हुई। आरोपी शादीशुदा है व फल बेचने का काम करता है। अपर पुलिस उपायुक्त जोन तृतीय सुधीर कुमार ने बताया कि मंगलवार शाम को ढकिया बाले बाबा गोलचक्कर के पास हुई मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की बाइक, तमंचा और मृतका का मोबाइल फोन आदि बरामद किया है।

उन्होंने बताया कि मूल रूप से महोबा जिले के महोबकंठ कोतवाली क्षेत्र के पिपरी गांव निवासी दीपमाला (25) बीते एक वर्ष से अपने छोटे भाई करन के साथ बीटा-दो कोतवाली क्षेत्र में किराये पर रहती थी। वह नोएडा के सेक्टर-60 स्थित एक कॉल सेंटर में कार्यरत थी। बीते रविवार को सुबह के समय वह ड्यूटी के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। सोमवार सुबह उसका शव घर से करीब 50 मीटर दूर पार्क के पास खड़ी एक कार के नीचे पड़ा मिला था। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। पोस्टमॉर्टम के बाद मंगलवार सुबह को सफीपुर के पास युवती का अंतिम संस्कार कर दिया।

 

Police Station Beta 2 Greater Noida News : उन्होंने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। करीब 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच में सामने आया कि रविवार रात करीब 10 बजे युवती बीटा-2 में लगने वाली साप्ताहिक बाजार में एक युवक के साथ दिखाई दी थी। वही युवक उसके पीछे-पीछे ब्लॉक के गेट से अंदर आता है और फिर रात करीब 12 बजे अकेला बाहर निकलता नजर आया। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के जैतवैशपुर गांव निवासी अंकित कुमार के रूप में हुई। वह शादीशुदा है और एक बच्चे का पिता है। अंकित डेल्टा-1 मेट्रो स्टेशन के पास फल की ठेली लगाता था। रोजाना मेट्रो से आने-जाने के दौरान दीपमाला उससे फल खरीदती थी। इसी दौरान बातचीत हुई। युवती की मुस्कान को वह गलत अर्थों में लेने लगा और युवती से एकतरफा प्रेम करने लगा। धीरे-धीरे उसने युवती से पैसों का लेन-देन भी शुरू कर दिया।

उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि युवती को जब उसके इरादों की भनक लगी तो उसने साफ तौर पर विरोध किया और समझाने का प्रयास किया। रविवार रात साप्ताहिक बाजार के बाद आरोपित उसका पीछा करते हुए उसके घर के पास तक पहुंच गया। युवती ने जब घर के पास आने पर कड़ा विरोध किया तो दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपित ने युवती के ही दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया और उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को पास में खड़ी कार के नीचे छिपाकर पैदल ही फरार हो गया। जांच में यह भी सामने आया कि हत्या से पहले आरोपी ने युवती के मोबाइल फोन से उसके बैंकिंग ऐप का इस्तेमाल कर अपनी पत्नी के खाते में 20 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए थे। युवती का मोबाइल फोन भी घटना के बाद गायब था। जिसे पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी के पास से बरामद किया है।

एडीसीपी ने बताया कि बीटा-2, इकोटेक-1 कोतवाली पुलिस और स्वॉट टीम के नेतृत्व में जांच की जा रही थी। मंगलवार को ढकिया बाले बाबा गोलचक्कर के पास पुलिस को देखकर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। उसे तत्काल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि आरोपी युवती से एक तरफा प्रेम करता था। वह उसपर लगातार दबाव बना रहा था। युवती द्वारा बार-बार मना करने और उससे दूरी बनाए रखने के कारण वह मानसिक रूप से कुंठित हो गया। इसी सनक में उसने मौका पाकर युवती का गला दबाकर हत्या कर दी।