Ghaziabad News : कावड़ मार्ग पर ट्रक और बोलेरो पिकअप में टक्कर हरिद्वार जा रहे तीन श्रद्धालुओं की मौत, पांच घायल
Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के थाना निवाड़ी क्षेत्र के गंग नहर पटरी पर मंगलवार की मध्य रात्रि को हुए एक सड़क हादसे में बोलोरो पिकअप में सवार तीन लोगों की मौत हो गई। ये लोग पिकअप में सवार होकर जा रहे थे, तभी ट्रक ने टक्कर मार दिया। इस घटना में घायल पांच लोग अस्पताल में भर्ती है। पीड़ित पक्ष ने कुछ दिन पहले ही पिकअप खरीदा था। ये लोग हरिद्वार में उसमें सवार होकर पूजा करने जा रहे थे। पुलिस ने आरोपी चालक और परिचालक को गिरफ्तार कर लिया है।
सहायक पुलिस आयुक्त मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि हादसा मंगलवार रात करीब 12:40 बजे निवाड़ी थाना क्षेत्र में चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर हुआ।उन्होंने बताया कि इस घटना में जिन लोगों की मौत हुई है उनकी पहचान रमेश पुत्र छोटेलाल, रतन पुत्र भजनलाल और सरजीत पुत्र खुशीराम के रूप में हुई है। तीनों राजस्थान के अलवर जिले के कलगांव के रहने वाले थे।
एसीपी के मुताबिक, श्रद्धालु हाल ही में खरीदी गई नई बोलेरो की पूजा कराने और गंगा स्नान के लिए हरिद्वार जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उनकी भिड़ंत हो गई।एसीपी के मुताबिक, अलवर निवासी परिवार ने हाल ही में एक नई बोलेरो पिकअप खरीदी थी। मंगलवार रात श्रद्धालु उसी गाड़ी से हरिद्वार के लिए निकले थे। उनका उद्देश्य हरिद्वार में गंगा स्नान करने के साथ नई गाड़ी की पूजा कराना था।
एसीपी ने बताया- शुरुआती जांच में ट्रक और बोलेरो दोनों की तेज रफ्तार हादसे की वजह सामने आ रही है। हादसा चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर हुआ, जो कांवड़ियों का प्रमुख मार्ग माना जाता है। यह मार्ग गाजियाबाद के मुरादनगर से शुरू होकर मेरठ, मुजफ्फरनगर होते हुए हरिद्वार तक जाता है। 29 जुलाई की सुबह से इस मार्ग पर भारी वाहनों का डायवर्जन लागू होना था, लेकिन उससे पहले ही देर रात यह दर्दनाक हादसा हो गया।

