Ghaziabad News : शिव भक्तों को तत्काल स्वास्थ्य सेवा देने के लिए तैनात होगी मोबाइल हेल्थ टीम
Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद मे कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों को तत्काल स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सात प्रमुख कांवड़ मार्गों पर मोबाइल हेल्थ टीमें तैनात की हैं। बाइक और स्कूटी से लैस ये टीमें चौबीसों घंटे भ्रमण कर कांवड़ियों को मौके पर प्राथमिक उपचार देंगी और जरूरत पड़ने पर उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था भी करेंगी।
जिला क्षय रोग अधिकारी (डीटीओ) डॉ. अनिल कुमार यादव के निर्देशन में मोबाइल हेल्थ टीमों को कादराबाद पुलिस चौकी से गंगनहर, गंगनहर से राजनगर एक्सटेंशन, निवाड़ी तिराहा से लोनी, मेरठ तिराहा से मोहन नगर, मोहन नगर से दिल्ली बॉर्डर तथा नए बस स्टैंड से दूधेश्वरनाथ मंदिर सहित प्रमुख मार्गों पर तैनात किया गया है।
प्रत्येक टीम में प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद रहेंगे, जो मामूली चोट, थकान, डिहाइड्रेशन और अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं का मौके पर ही उपचार करेंगे। जरूरत पड़ने पर मरीजों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भी भेजा जाएगा। डीटीओ डॉ. अनिल कुमार यादव स्वयं मोबाइल टीमों की निगरानी करेंगे। सभी टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित रूट पर लगातार भ्रमण करें और अपनी बाइक पर स्वास्थ्य सेवा संबंधी पहचान प्रदर्शित रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर कांवड़िए आसानी से उन्हें रोककर उपचार प्राप्त कर सकें।

