Ghaziabad News : पेंट और स्क्रैप फैक्ट्री में लगी भयंकर आग

Mar 6, 2026 - 13:07
Ghaziabad News : पेंट और स्क्रैप फैक्ट्री में लगी भयंकर आग
पेंट और स्क्रैप फैक्ट्री में लगी भयंकर आग

Ghaziabad News : जनपद गाजियाबाद के मेरठ रोड पर स्थित मैनापुर इंडस्ट्रियल एरिया में बृहस्पतिवार की देर रात को पेंट बनाने वाली फैक्टरी और स्क्रैप फैक्टरी में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी लपटें दो किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रही थीं। सूचना पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए जल्द ही 10 और गाड़ियों को मौके बलाया गया । काफी मशक्कत के बाद शुक्रवार तड़के आग पर काबू पाया गया। यह घटना मधुबन बापूधाम थानाक्षेत्र में हुई।

CFO Ghaziabad : गाजियाबाद के मुख्य दमकल अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि गुरुवार की देर रात को मैनापुर इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित एक पेंट फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल की दो गाड़ियां मौके पर भेज दी गईं। मौके पर जाकर पता चला कि आग ने पेंट फैक्टरी के साथ-साथ बगल मे स्थित स्क्रैप फैक्टरी को भी अपनी चपेट में ले लिया है। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्टरी परिसर में मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

आग की ऊंची लपटें करीब दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रही थीं। पेंट फैक्टरी में बड़ी संख्या में केमिकल व पेंट से भरे ड्रम रखे हुए थे, जो कि अत्यंत ज्वलनशील होते हैं। ऐसे में आग फैलने के बाद इन ड्रमों में एक के बाद एक तेज धमाके होने लगे। ड्रमों में हो रहे धमाकों के कारण आग तेजी से फैलती चली गई, जिसने पड़ोस की स्क्रैप फैक्टरी मे भी आग लग गई।

CFO Ghaziabad : मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि अलग-अलग फायर स्टेशनों से कुल 12 दमकल गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। दमकलकर्मी देर रात से आज सुबह तक आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे रहे। आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आग की लपटें लगातार ऊंची उठ रही थीं और तेज गर्मी के कारण दमकलकर्मियों को सुरक्षित दूरी बनाकर आग बुझानी पड़ी। उन्होंने बताया कि आग लगने का कारण और इसे हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या केमिकल रिएक्शन के कारण आग लगने का अंदेशा है। उनके मुताबिक घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि दोनों फैक्टरी में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर नष्ट हो गया है।